Chaibasa News: सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले 6 गुड सेमेरिटन सम्मानित
Chaibasa News: चाईबासा में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों की मदद करने के लिए 6 गुड सेमेरिटन को सम्मानित किया गया। उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने उनके योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद के लिए आगे आएं, जिससे समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके।

Chaibasa News: चाईबासा, संवाददाता। पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में सड़क दुर्घटना के दौरान घायलों एवं पीड़ितों की मदद कर मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देने वाले 6 गुड सेमेरिटन को सम्मानित किया गया। उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने सभी सम्मानित गुड सेमेरिटन को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित किया। मौके पर चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी, प्रशिक्षु आईपीएस राजकुमार जयराजू एवं जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार उपस्थित रहे। सम्मानित किए गए गुड सेमेरिटन में दिव्या सत्कर्मकार, सरस्वती बिरुआ, दानिश अहमद, राखी देवी, राजा राम गुप्ता एवं बैराम खान शामिल हैं।
इन लोगों द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों की मदद कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराने में सहयोग किया गया, जिससे मानवीय संवेदना के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक होने का उदाहरण प्रस्तुत हुआ। इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने सभी नागरिकों से अपील की कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए घायलों की मदद के लिए आगे आएं। दुर्घटना के बाद शुरुआती समय अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। ऐसे समय में घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने से उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण मदद मिल सकती है।

