मधु बाजार में डीजी में लगी आग, समय रहते पाया गया काबू
चाईबासा के सदर थाना अंतर्गत मधु बाजार स्थित होटल केएनआर रेसिडेंसी में मंगलवार रात को एक कार्यक्रम के दौरान डीजे जनरेटर में आग लग गई। होटल के मालिक दिलीप खंडेलवाल अपनी शादी की 25वीं वर्षगांठ मना रहे थे। आग लगने से अफरा-तफरी मच गई, लेकिन दमकल विभाग ने समय पर आग बुझा ली।
चाईबासा। सदर थाना अंतर्गत मधु बाजार स्थित होटल केएनआर रेसिडेंसी में मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार्यक्रम के दौरान डीजे जनरेटर में अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार होटल के मालिक दिलीप खंडेलवाल अपने विवाह की 25वीं वर्षगांठ मना रहे थे। इस मौके पर होटल में सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।कार्यक्रम के दौरान होटल के नीचे रखे लगभग 30 केवीए के डीजे जनरेटर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गयी। कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी कांग्रेस नेता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय को दिया। त्रिशानु राय ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए घटना स्थल पहुंचकर दमकल विभाग, बिजली विभाग और स्थानीय थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।हालांकि इस घटना में जनरेटर को काफी नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि लगभग 5 लाख 30 हजार रुपये कीमत के जनरेटर में आग लगी है। जनरेटर के मालिक सजल दास ने बताया कि उन्होंने यह जनरेटर भाड़े पर दिया था। उन्होंने बताया कि आग कैसे लगी है उसे नहीं मालूम है। वहीं दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक दहशत का माहौल रहा, लेकिन स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।इस मौके पर सदर थाना के प्रभारी तरुण कुमार , विधुत विभाग के कर्मी सहित काफी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


