Chaibasa News: दुर्गोत्सवः दंडाधिकारियों व पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा, सुविधा और शांति बनाए रखने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पूजा पंडालों की सुरक्षा, पुलिस गश्ती, यातायात, अग्निशमन, स्वास्थ्य सुविधाओं और प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा हुई। अधिकारियों को पंडालों का निरीक्षण, भीड़ प्रबंधन और संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित फ्लैग मार्च सुनिश्चित करने को कहा गया।

Chaibasa News: चाईबासा, संवाददाता। पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने कहा है कि दुर्गा पूजा के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा जिले में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, यातायात बाधा अथवा अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए सभी स्तरों पर पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जिले में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित फ्लैग मार्च आयोजित करने का निर्देश दिया गया। जिले में दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा विधि-व्यवस्था के बेहतर संधारण के उद्देश्य से उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की गई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दुर्गा पूजा के आयोजन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, अग्निशमन व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं, पूजा पंडालों की सुरक्षा तथा प्रतिमा विसर्जन के दौरान आवश्यक प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में आयोजित इस बैठक में अपर उपायुक्त, सहायक समाहर्ता, सहायक पुलिस अधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी, नजारत उपसमाहर्ता एवं सार्जेंट मेजर उपस्थित रहे। वहीं सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, संबंधित अभियंता, अग्निशमन पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
पुलिस गश्ती और निगरानी के निर्देश
बैठक में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहते हुए पूजा पंडालों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
यातायात व्यवस्था सुचारू रखने पर जोर
जिला परिवहन पदाधिकारी, संबंधित पुलिस पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यकतानुसार यातायात व्यवस्था का नियोजन करने का निर्देश दिया गया, ताकि आम नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की आवाजाही बाधित नहीं हो। प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों एवं पूजा पंडालों के आसपास यातायात को व्यवस्थित रखने, भीड़ के दबाव वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा आवश्यकता के अनुरूप यातायात नियंत्रण के लिए कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
पूजा पंडालों का निरीक्षण और सुरक्षा
बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के पूजा पंडालों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा से संबंधित आवश्यक प्रबंधों तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेने को कहा गया।

