भारी वाहनों का विरोध करने पर छह ग्रामीणों को नोटिस, आक्रोश

Mar 03, 2026 02:31 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, चाईबासा
share Share
Follow Us on

जगन्नाथपुर के नोवामुंडी प्रखंड में कुटिनता से गुंडीजोड़ा जाने वाली प्रधानमंत्री सड़क पर भारी वाहनों के परिचालन को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए छह लोगों को नोटिस जारी करने पर आक्रोश व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर भारी वाहनों के चलते हादसे का खतरा बढ़ गया है।

भारी वाहनों का विरोध करने पर छह ग्रामीणों को नोटिस, आक्रोश

जगन्नाथपुर। जगन्नाथपुर अनुमंडल अंतर्गत नोवामुंडी प्रखंड के जेटेया थाना क्षेत्र के कुटिनता से गुंडीजोड़ा जाने वाली 5 किलोमीटर प्रधानमंत्री सड़क योजना मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। भारी वाहनों के विरोध करने पर गांव कोटगढ़ के कुमिरता टोला के छह ग्रामीणों के नाम नोटिस जारी होने से गांव में भारी आक्रोश व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को कुमिरता टोला के 50 से अधिक महिला-पुरुष ग्रामीण अनुमंडल कार्यालय पहुंचे, हालांकि अनुमंडल पदाधिकारी के नहीं होने के कारण ग्रामीण अलग तारीख लेकर चले गए। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि 12 फीट चौड़ी यह सड़क गांव के बीच से गुजरती है और सड़क किनारे ही लोगों के घर बसे हैं।

इसी मार्ग से बच्चे स्कूल आते-जाते और खेलते हैं। ऐसे में गिट्टी क्रशर से जुड़े बड़े हाइवा वाहनों के आवागमन से हादसे की आशंका बढ़ा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, क्रशर के लिए अलग रूट निर्धारित है। वर्ष 2024 में हुई ग्रामसभा में क्रशर प्रबंधन की उपस्थिति में इस मार्ग से भारी वाहन नहीं चलाने पर सहमति बनी थी और लिखित हस्ताक्षर भी हुए थे। कुछ दिनों तक वाहन बंद रहे, लेकिन बाद में पुनः इसी सड़क से बोल्डर व गिट्टी लदे वाहन चलने लगे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार बोल्डर और गिट्टी सड़क पर गिर जाती है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है। विरोध करने पर वाहन चालक गांव के ही एक व्यक्ति का नाम लेता है। ग्रामीणों ने बताया कि 4 फरवरी 2026 को भारी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने को जेटेया थाना में लिखित आवेदन दिया गया था। इसके बाद 2 मार्च 2026 को गांव के छह युवकों के नाम नोटिस जारी कर दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पूरे गांव ने विरोध किया है तो केवल छह लोगों को ही नोटिस क्यों दी गई। यदि नोटिस ही करना है तो हम सभी ग्रामीणों पर की जाये। हमारे गांव में टोला में हम 500 से अधिक ग्रामीण रहते हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।