जेटेया–कोटगढ़ जर्जर सड़क निर्माण की मांग को लेकर झामुमो नेता ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
झारखंड मुक्ति मोर्चा के सदस्य मनोज लागुरी ने जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि जेटेया मोड़ से कोटगढ़ तक की सड़क पिछले 15 वर्षों से खराब है, जिससे आवागमन में कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों ने शीघ्र कार्यवाही की अपील की है।
जगन्नाथपुर।नोवामुंडी प्रखंड क्षेत्र की जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला कार्यकारिणी सदस्य मनोज लागुरी ने सोमवार को झारखंड के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम के माध्यम से भेजा गया। ज्ञापन में बताया गया है कि जेटेया मोड़ से जेटेया तथा जेटेया से कोटगढ़ तक लगभग 17 किलोमीटर सड़क पिछले करीब 15 वर्षों से जर्जर अवस्था में है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं और बरसात के दिनों में आवाजाही लगभग ठप हो जाती है।यह
सड़क जेटेया, बड़ापासेया, बुरुबोरता, पेटेता, पोखरपी समेत करीब दो दर्जन गांवों को प्रखंड व जिला मुख्यालय से जोड़ती है। इसी मार्ग से नोवामुंडी थाना, चाईबासा, जगन्नाथपुर, जैतगढ़, डांगवापोसी और गुवा जैसे प्रमुख क्षेत्रों तक आवागमन होता है। सड़क खराब होने से छात्रों, मरीजों और रोज़गार के लिए आने-जाने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि इस सड़क के निर्माण को लेकर कई बार आंदोलन और जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। वर्तमान में जान जोखिम में डालकर बसों का संचालन हो रहा है और बाजार के दिनों में भी इसी मार्ग से लोगों का आवागमन होता है।इसके साथ ही बड़ापासेया मुख्य चौक से बुरुबोरता होते हुए टेन्सरा तक लगभग 20 किलोमीटर जर्जर सड़क के निर्माण की भी मांग की गई है। ग्रामीणों ने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि इन सड़कों के निर्माण के लिए शीघ्र योजना स्वीकृत कर संबंधित विभाग को अनुशंसा की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


