थलकोबाद में सिविक एक्शन प्रोग्राम में ग्रामीणों को मिली राहत सामग्री

Jan 02, 2026 06:31 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, चाईबासा
share

गुवा के पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित गांव थलकोबाद में सीआरपीएफ की 26 बटालियन ने सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया। कार्यक्रम में जरूरतमंद ग्रामीणों को कंबल, सोलर लालटेन, बीज और खेल सामग्री वितरित की गई। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और इसे जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

थलकोबाद में सिविक एक्शन प्रोग्राम में ग्रामीणों को मिली राहत सामग्री

गुवा, संवाददाता। 26 बटालियन, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कमांडेंट राजीव रंजन के दिशा-निर्देश में ए/26 बटालियन की ओर से झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत सारंडा वन क्षेत्र के घोर नक्सल प्रभावित गांव थलकोबाद में सिविक एक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व कम्पनी कमांडर निरीक्षक/जीडी अमरेश सिंह ने किया। इस अवसर पर सुदूरवर्ती एवं जरूरतमंद ग्रामीणों के बीच जनकल्याणकारी सामग्री का वितरण किया गया। ठंड से बचाव के लिए कंबल, रात में रोशनी हेतु सोलर लालटेन, छाता, घरेलू उपयोग के लिए पतीला (डेगचा) तथा आवास निर्माण के लिए टीन शीट वितरित की गई। वहीं, कृषि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मक्का, करेला, उड़द, हरी सेम और टमाटर के बीज उपलब्ध कराए गए।

खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए गांव के युवाओं को फुटबॉल, वॉलीबॉल, फुटबॉल नेट, वॉलीबॉल नेट के साथ क्रिकेट बैट और क्रिकेट बॉल भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उप निरीक्षक/जीडी यशवंत कुमार यादव, थलकोबाद गांव के मुंडा विकास तथा पुलिस प्रतिनिधि सहायक उप निरीक्षक जूलियस इक्का की उपस्थिति रही। ग्रामीणों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहयोग किया और सीआरपीएफ की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से न केवल उनकी बुनियादी जरूरतें पूरी होती हैं, बल्कि सुरक्षा बलों और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत होता है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।