बस सेवा बंद होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित
पश्चिमी सिंहभूम जिले के बराईबुरु और टाटीबा गांवों में बच्चों की शिक्षा संकट में है। टाटा स्टील द्वारा 1 अप्रैल से स्कूल बस सेवा बंद करने से कई बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है और चेतावनी दी है कि समाधान न मिलने पर वे आंदोलन करेंगे।

गुवा, संवाददाता। पश्चिमी सिंहभूम जिले के बराईबुरु, टाटीबा सहित आसपास के गांवों में बच्चों की शिक्षा पर गहरा संकट खड़ा हो गया है। टाटा स्टील की ओर से 1 अप्रैल से स्कूल बस सेवा बंद किए जाने के बाद दर्जनों बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार जब कंपनी की विजय-2 खदान चालू थी, तब सीएसआर योजना के तहत बच्चों को बड़ाजामदा स्थित स्कूल आने-जाने के लिए बस सुविधा उपलब्ध कराई जाती थी। लेकिन खदान बंद होते ही यह सेवा भी बंद कर दी गई, जिससे बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो गई है। बराईबुरु और टाटीबा गांव से बड़ाजामदा की दूरी करीब 5 से 7 किलोमीटर है।
ऐसे में छोटे-छोटे बच्चों के लिए रोज इतनी लंबी दूरी पैदल तय करना संभव नहीं है। वहीं, क्षेत्र में चलने वाली यात्री बसें या तो समय पर उपलब्ध नहीं होतीं और अगर मिलती भी हैं तो पहले से ही यात्रियों से भरी रहती हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनकी मांग है कि स्कूल बस सेवा को जल्द से जल्द बहाल किया जाए और कंपनी को सीएसआर के तहत अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए बाध्य किया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया, तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


