
गौतोपा : रोरो नदी पर 6 करोड़ से बनेगा पुल : मंत्री
चाईबासा के टोंटो पंचायत में रोरो नदी पर मुख्यमंत्री ग्राम सेतू योजना के तहत 6 करोड़ रुपए की लागत से पुलिया का निर्माण होगा। मंत्री दीपक बिरुवा ने इसका शिलान्यास किया। इससे डिलियामार्चा, आचू, अमिता जैसे गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जलस्तर बढ़ने पर बाधित यात्रा का हल निकलेगा।
चाईबासा,संवाददाता। सदर प्रखंड की टोंटो पंचायत में टोंटो से अमीता जाने वाली सड़क में गौतोपा के रोरो नदी पर मुख्यमंत्री ग्राम सेतू योजना के तहत करीब 6 करोड़ रुपए की लागत से पुलिया का निर्माण होगा। पुलिया निर्माण कार्य का शिलान्यास सोमवार को मंत्री दीपक बिरुवा ने किया। इस पुल के निर्माण से डिलियामार्चा, आचू, अमिता समेत दर्जनों गांवों के लोगों को कोल्हान आयुक्त कार्यालय व नेशनल हाईवे पथ पर सरायकेला-खरसावां आने जाने में समय की बचत होगी। कोल्हान आयुक्त कार्यालय पहुंचने में लोगों को काफी कम दूरी तय करना होगा। मालूम हो कि बरसात के दिनों में रोरो नदी का जलस्तर बढ़ जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था।
इस पुलिया के बनने से आवागमन की सुविधा होगी। लंबी मांग पूरी, गुणवत्तापूर्ण निर्माण जरूरी : मंत्री मंत्री बिरुवा ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से इस पुल की प्रतीक्षा कर रहे थे। नदी पर पुल बन जाने से वर्षों पुरानी समस्या समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता पर संचालित की जा रही है। वहीं, मंत्री ने संवेदक को समय पर और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि पुल-पुलिया किसी भी क्षेत्र के विकास के परिचायक होते हैं, क्योंकि इससे लोगों का आवागमन आसान होता है और जनजीवन पर सीधा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने संवेदक को ग्रामीणों के साथ सामंजस्य बनाकर निर्माण कार्य करने की हिदायत दी। पुलिया बनने की खबर पाकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया। ग्रामीणों ने मंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सतीश सुंडी, मानाराम कुदादा, मंगल सिंह तियू, सतीश बानरा, डुबलिया बारी, देवेंद्र सुंडी, मनोज सुंडी, राजू सुंडी, ग्रामीण मुंडा सुरेंद्र बानरा, बुधलाल बानरा, प्रधान गोप, मंत्री बानरा समेत अन्य उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




