Chaibasa News: युवाओं को सामाजिक गतिविधियों से जुड़ने की अपील
Chaibasa News: जगन्नाथपुर में गुमुरिया पंचायत के पड़सा गांव में आदिवासी हो समाज युवा महासभा ने सामाजिक और धार्मिक भटकाव पर रोकथाम के लिए नुक्कड़ सभा का आयोजन किया। इस सभा में युवाओं को संस्कृति और परंपरा से जोड़ने की प्रेरणा दी गई और उन्हें असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया।

Chaibasa News: जगन्नाथपुर, संवाददाता। सामाजिक एवं धार्मिक भटकाव पर रोकथाम तथा युवाओं को समाज की परंपरा और संस्कृति से जोड़ने के उद्देश्य से गुमुरिया पंचायत के पड़सा गांव में आदिवासी हो समाज युवा महासभा की ओर से नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा का नेतृत्व ग्रामीण मुंडा हरिश पुरती ने किया। नुक्कड़ सभा में युवाओं को पर्व-त्योहार, हो भाषा-संस्कृति, जन्म-मृत्यु, विवाह तथा समाज के विभिन्न अनुष्ठानों एवं समारोहों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। महासभा के पदाधिकारियों ने वार्षिक अधिवेशन, महाधिवेशन, दियूरी सम्मेलन, युवा महोत्सव, भाषा आंदोलन, उपरूम जुमूर और धार्मिक सम्मेलन जैसे कार्यक्रमों से जुड़ने की अपील की।
वक्ताओं ने ग्रामीणों को असामाजिक गतिविधियों और समाज विरोधी ताकतों से दूर रहने की सलाह देते हुए सामाजिक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। इस अवसर पर आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इपिल सामड, महासचिव गब्बरसिंह हेम्ब्रम, क्रीड़ा सचिव नीरज जगमोहन सिंकू, जगन्नाथपुर अनुमंडल अध्यक्ष बलराम लागुरी, उपाध्यक्ष पुतकर लागुरी, डाकुवा चुंगू पुरती, सेवानिवृत्त शिक्षक दुल्लुराम सामड सहित दीपक पुरती समेत कई लोग थे।

