Chaibasa News: एसआईआर : गुवा पूर्वी पंचायत भवन में हुई जनसुनवाई
Chaibasa News: गुवा में बुधवार को एसआईआर के तहत जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं और आवश्यक दस्तावेज जमा किए। पंचायत भवन परिसर में भीड़ और गहमागहमी थी। अधिकारियों ने शिकायतें सुनकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। बीडीओ पप्पू रजक ने कर्मियों को दिशा-निर्देश दिए।

Chaibasa News: गुवा, संवाददाता। एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के तहत बुधवार को नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत गुवा के पूर्वी पंचायत भवन में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं और आवश्यक दस्तावेज जमा किए। लोगों की भीड़ के कारण पंचायत भवन परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। अधिकारियों ने एक-एक कर ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं और एसआईआर प्रक्रिया के तहत आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पप्पू रजक ने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को एसआईआर कार्य से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी कर्मियों से ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
कार्यक्रम में नोवामुंडी भाग-1 की जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, पश्चिमी पंचायत की मुखिया पद्मिनी लागुरी तथा पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी सहित कई जनप्रतिनिधि और पंचायत कर्मी मौजूद रहे।


