स्कूल में शिक्षकों और बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने का निर्देश

हिन्दुस्तान, चाईबासा
Follow us on Google News
share

चाईबासा में उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को हल करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है। 'प्रोजेक्ट परख - तैयारी उड़ान की' के तहत शिक्षा में सुधार और सामाजिक जागरूकता पर जोर दिया गया।

स्कूल में शिक्षकों और बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने का निर्देश

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रशासन शिक्षकों की समस्याओं को हल करने के लिए प्रतिबद्ध है, लेकिन साथ ही बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना शिक्षकों का परम कर्तव्य है। हमें बच्चों के मन से, हम कुछ नहीं कर सकते जैसी नकारात्मक भावना को मिटाना होगा और उनके भीतर एक नया विश्वास जगाना होगा। सभी के आपसी सामंजस्य और विद्यालय में हंसी-खुशी का माहौल बनाकर ही बच्चों के भीतर सकारात्मकता का भाव पैदा किया जा सकता है। उपायुक्त गुरुवार को टाटा कॉलेज चाईबासा के बहुद्देशीय सभागार में जिले में नव संचालित प्रोजेक्ट परख : तैयारी उड़ान की से संबंधित एकदिवसीय बैठक सह कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रोजेक्ट परख के अंतर्गत शिक्षा के क्षेत्र में जिले को शीर्ष पर लाने का संकल्प दोहराया गया है। इसके लिए आत्मविश्लेषण और निष्पक्षता आवश्यक है। शिक्षकों की मेहनत से ही शिक्षा के क्षेत्र में रैंकिंग में बड़ा बदलाव तथा सशक्त सिंहभूम की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है। इसके लिए शिक्षकों से अपनी प्रतिबद्धता दिखाने की अपील की। बैठक में शिक्षा के स्तर को सुधारने, शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करने और बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए ''प्रोजेक्ट परख - तैयारी उड़ान की'' की रूपरेखा के संदर्भ में विस्तार से चर्चा की गई。

स्कूली व्यवस्था और सामाजिक सुधार का निर्देश

​कार्यशाला में स्कूलों के बेहतर संचालन और सामाजिक सरोकारों को लेकर एक विस्तृत कार्ययोजना साझा की गई। कहा गया कि स्कूलों में शिक्षकों और बच्चों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से बढ़ानी होगी। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाएगा। सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों को प्रत्येक माह की 30 तारीख को सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी और उनके पेंशन संबंधी मामलों का त्वरित निपटारा होगा। इसके अलावा 12 तारीख को अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन कर उन्हें भी बच्चों की नियमित शिक्षा एवं स्वच्छ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। स्कूलों में खेल महोत्सव के अलावा बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण और कैंपस को हरा-भरा बनाने जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। स्कूलों के माध्यम से प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, बाल विवाह, घरेलू हिंसा और धूम्रपान जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

ये थे उपस्थित

कार्यशाला में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेम राज टोप्पो, जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार, जिला के माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य और टीजीटी, पीजीटी शिक्षक और परियोजना से जुड़े सभी पदाधिकारी तथा कर्मी मौजूद थे।

अधिकतर पूछे जाने वाले प्रश्न

उपायुक्त ने शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए क्या कहा?
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रशासन शिक्षकों की समस्याओं को हल करने के लिए प्रतिबद्ध है।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।