कृषक पाठशाला का समय समय पर निरीक्षण करें - डीसी
पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार ने सभी कृषक पाठशालाओं का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। समाहरणालय में बैठक के दौरान कृषि निदेशालय से कार्यकारी एजेंसी को कार्यादेश दिया गया। उपायुक्त ने कृषक पाठशालाओं के संचालन और किसानों की आवश्यकताओं के अनुसार प्रशिक्षण के लिए उच्च मूल्य वाली फसल का प्रत्यक्षण कराने के निर्देश दिए।
चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार ने जिले में संचालित सभी कृषक पाठशाला का समय समय पर निरीक्षण एवं अनुश्रवण करने का जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया है । समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना-सह-कृषक पाठशाला के अनुश्रवण के लिए गठित जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक की । बैठक के प्रारंभ में जिला कृषि पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना-सह-कृषक पाठशाला, योजना का संचालन वर्ष 2025-26 में बीज गुणन प्रक्षेत्र, मनोहरपुर प्रखंड में पाठशाला संचालन हेतु कृषि निदेशालय-राँची स्तर से कार्यकारिणी एजेंसी, स्टारलाइट इंटरनेशनल चेरिटेबल सोसायटी- लातेहार को कार्यादेश निर्गत किया गया है।
इस दौरान उपायुक्त ने कार्यकारी एजेंसी के माध्यम से प्रतिनियुक्त कर्मियों एवं उनके दायित्वों आदि के बारे में जानकारी ली। डीपीआर का बिंदुवार अवलोकन किया।बैठक में उपायुक्त के द्वारा योजना के तहत कृषक पाठशाला-मनोहरपुर(कृषि प्रक्षेत्र) के संचालन हेतु तैयार कार्य योजनाओं का समीक्षा करते हुए, सभी संचालित की जा रही कृषक पाठशाला के परिधि के अंतर्गत आने वाले बिरसा ग्राम का वेस लाइन सर्वे करने को कहा। सर्वे के बाद किसानों के आवश्यकतानुसार राज्यादेश में निहित प्रावधानों के अनुरूप किसानों का प्रशिक्षण एवं प्रत्येक बिरसा ग्रामों में उच्च मूल्य वाली फसल का प्रत्यक्षण कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा कृषक पाठशाला में कृषि एवं कृषि से संबंधित किये जा रहे गतिविधियों में संबंधित विभाग के पदाधिकारी का मार्गदर्शन प्राप्त करते हुए ससमय कार्य को पूरा करने के लिए संबंधित कार्यकारिणी एजेंसी को निर्देश दिया। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी अमरजीत कुजूर, जिला सहकारिता पदाधिकारी अमिता कुमारी, कार्यकारिणी एजेंसी के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


