फ्रेंडस क्लब व टाउन क्लब चाईबासा फाइनल में, खिताबी भिड़ंत आज

Mar 02, 2026 01:16 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, चाईबासा
share Share
Follow Us on

चाईबासा में आयोजित 33वीं बीएल नेवटिया टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में फ्रेंड्स क्लब चाईबासा ने सेरसा चक्रधरपुर को तीन विकेट से और टाउन क्लब चाईबासा ने आरके क्रिकेट अकादमी सोनुवा को छह विकेट से हराया। फाइनल मैच सोमवार को होगा। पुरस्कार वितरण समारोह में उपायुक्त चंदन कुमार मुख्य अतिथि रहेंगे।

फ्रेंडस क्लब व टाउन क्लब चाईबासा फाइनल में, खिताबी भिड़ंत आज

चाईबासा, संवाददाता। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे 33वीं बीएल नेवटिया टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत रविवार दोनों सेमीफाइनल मैच खेले गए। सुबह दस बजे से खेले गए पहले सेमीफाइनल मैच में फ्रेंड्स क्लब चाईबासा ने गत वर्ष की चैंपियन टीम सेरसा चक्रधरपुर को तीन विकेट से, जबकि दोपहर एक बजे से खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मैच में टाउन क्लब चाईबासा ने आरके क्रिकेट अकादमी सोनुवा को छह विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। अब फाइनल मैच में सोमवार को इन दोनों टीमों का मुकाबला दोपहर एक बजे से होगा। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए पहले सेमीफाइनल मैच में टॉस फ्रेंडस क्लब चाईबासा के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए सेरसा चक्रधरपुर की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 187 रनों का स्कोर खड़ा किया। सेरसा की ओर से एपवन कुमार ने सात चौके एवं चार छक्के की सहायता से 63 रनों की पारी खेली। अन्य बल्लेबाजों में विकेटकीपर बल्लेबाज कमल गोप ने 39, सौम्या लेंका ने 29 तथा डेविड सांगा ने 23 रन बनाए। फ्रेंडस क्लब की ओर से राजकुमार नायक एवं वत्सल सिंह ने दो-दो विकेट हासिल किए। सुभाष जोंको, मनय देवगम एवं दशरथ प्रियदर्शनी को एक-एक सफलता हाथ लगी। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्रेंडस क्लब की टीम ने उद्घाटक विकेटकीपर बल्लेबाज शिवम पटेल की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत 19.4 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 188 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। शिवम ने ग्यारह चौके एवं आठ छक्के की सहायता से मात्र 38 गेंदों पर 98 रन ठोके और मात्र दो रन के अंतर से शतक बनाने से चूक गया। बाद के बल्लेबाजों ने कप्तान विमलेश नाग ने चार चौके एवं दो छक्के की मदद से 43 तथा वत्सल सिंह ने 18 रनों का योगदान दिया। सेरसा की ओर से ए पवन कुमार ने 24 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए जबकि सौम्या लेंका एवं प्रकाश सीट को एक-एक सफलता हाथ लगी। दोपहर एक बजे से खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरके क्रिकेट अकादमी सोनुवा ने निर्धारित बीस ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए। इस टीम की ओर से अनिमेष पाल ने 42, रोनित मित्रा ने 33, शेख समीरुद्दीन ने नाबाद 31 तथा इमरान अहमद ने 30 रन बनाए। टॉउन क्लब की ओर से आदित्य राज ने 22 रन देकर तीन तथा सिद्धार्थ अग्रवाल ने 33 रन देकर दो विकेट हासिल किए। पारस नंदी को एक सफलता हाथ लगी। जीत के निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी टाउन क्लब की टीम ने 17.4 ओवर में मात्र चार विकेट के नुकसान पर 172 रन बनाकर आसानी से मैच अपने नाम कर लिया। टॉउन क्लब की ओर से शुभम यादव एवं सिद्धार्थ अग्रवाल ने 40-40 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। बाद के बल्लेबाजों में आदित्य राज ने चार छक्के की सहायता से नाबाद 37 रन, प्रभात बोयपाई ने 26 तथा कृपा सिंधु चंदन ने 24 रनों की पारी खेलकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आर के क्रिकेट अकादमी सोनुवा की ओर से रोनित मित्रा ने 30 रन देकर दो विकेट हासिल किए। इमरान अहमद एवं अनिमेष पाल को एक-एक सफलता हाथ लगी। बीएल नेवटिया टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच सेमीफाइनल के दोनों विजेता टीमों क्रमशः फ्रेंडस क्लब चाईबासा एवं टाउन क्लब चाईबासा के बीच दोपहर एक बजे से खेला जाएगा। पुरस्कार वितरण समारोह अपराह्न 4 बजे आयोजित होगा। पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि इस प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहकर खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे। जबकि जिले के उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।