जिले में नीट (यूजी) परीक्षा 21 को, 960 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे : डीसी
चाईबासा, संवाददाता। उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने नीट (यूजी)-2026 परीक्षा के सफल संचालन पर समीक्षा बैठक की। यह परीक्षा 21 जून को होगी, जिसमें 960 अभ्यर्थी शामिल होंगे। उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने यातायात प्रबंधन पर आवश्यक निर्देश दिए।

चाईबासा,संवाददाता। जिला समाहरणालय सभागार में नीट (यूजी)-2026 परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें परीक्षा आयोजन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि जिले में नीट (यूजी)-2026 परीक्षा का आयोजन 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा के लिए चाईबासा स्थित जिला स्कूल चाईबासा व मांगीलाल रुंगटा उच्च विद्यालय चाईबासा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जहां कुल 960 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। बैठक में उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाएं यथा पेयजल, स्वास्थ्य सहायता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए व केंद्रों पर अनुकूल एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखा जाए। परीक्षा की पारदर्शिता, सुरक्षा एवं सुचारू संचालन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभ्यर्थियों एवं अभिभावकों के लिए सकारात्मक, सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करें。
यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने विधि-व्यवस्था संधारण, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्रित होने पर रोक लगाने तथा परीक्षा अवधि के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों को किसी प्रकार की ट्रैफिक समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए निरंतर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। बैठक में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। अधिकारियों को परीक्षा पूर्व एवं परीक्षा दिवस तक शहर में अवस्थित लॉज, हॉस्टल एवं होटलों का नियमित निरीक्षण करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में उप विकास आयुक्त, पुलिस उपाधीक्षक-मुख्यालय, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


