मझंगाव : जमीन विवाद में घर में घुस महिला की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या
चाईबासा में मझगांव थाना क्षेत्र के माली पोखर में जमीन विवाद के चलते एक महिला की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। आरोपी दो लोग घर में घुसे और ताबड़तोड़ वार कर फरार हो गए। मृतक महिला के पति ने बताया कि...

चाईबासा, संवाददाता। जिले के मझगांव थाना क्षेत्र के माली पोखर में जमीन विवाद को लेकर एक महिला की घर में घुसकर कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गयी। गुरुवार शाम महिला घर में थी, तभी दो लोग घुस गये और ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी और फरार हो गये। देर रात परिजनों की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और शव को बरामद किया। शुक्रवार को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सदर अस्पताल पहुंचे मृत महिला रायमुनी बुड़ीउली (44 वर्ष) के पति धनेश्वर बुड़ीउली ने बताया कि भाई पूरन चंद्र बिरूली के साथ वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। वर्ष 2008 में उसकी पूरन चंद्र बिरूली के साथ मारपीट भी हुई थी। उस समय गांव में बैठक हुई थी, जहां उसे (धनेश्वर को) 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया था। तब पूरन चंद्र ने धनेश्वर को देख लेने की धमकी दी थी।
मेरे भाई और उसके बेटों ने की हत्या : धनेश्वर ने बताया कि जमीन विवाद में ही पूरन और उसके तीन पुत्रों ने हत्याकांड को अंजाम दिया है। फिलहाल, पुलिस अज्ञात पर एफआईआर दर्ज कर भाई पूरन चंद्र बिरुली, उसके पुत्र कृष्ण बिरूली, करपा बिरूली और विश्वास बिरूली को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसआई धीरज यादव ने कहा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।