
प्रताप क्रिकेट क्लब को हरा जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब सेमीफाइनल में
चाईबासा में आयोजित पहले क्वार्टर फाइनल में अंकित शर्मा की शानदार 78 रन की पारी की बदौलत जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब ने प्रताप क्रिकेट क्लब को चार विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। प्रताप ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 180 रन बनाए। जवाब में जगन्नाथपुर ने 184 रन बनाकर जीत हासिल की।
चाईबासा, संवाददाता। अंकित शर्मा की शानदार बल्लेबाजी (78 रन) की बदौलत जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब ने प्रताप क्रिकेट क्लब को चार विकेट से पराजित कर सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। जबकि प्रताप क्रिकेट क्लब की टीम इस प्रतियोगिता से बाहर हो गई है। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए पहले क्वार्टर फाईनल मुकाबले में टॉस जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब के कप्तान ने जीता और विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रताप क्रिकेट क्लब की टीम पूरे 30 ओवर खेलकर आठ विकेट के नुकसान पर 180 रनों का स्कोर खड़ा किया।

प्रताप क्रिकेट क्लब की ओर से पंकज सिंह ने 45 तथा आर्यन राणा ने 44 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजों में अनीश कुमार दास ने 27 तथा प्रतीक अग्रवाल ने 20 रनों का योगदान दिया। जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब की ओर से मेराजुल इस्लाम एवं प्रणव त्रिपाठी ने दो-दो जबकि सर्वेश अंसारी तथा सदान आलम ने एक-एक विकेट हासिल किए। इधर, जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब की टीम ने मात्र 17.4 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाकर हासिल कर लिया। जगन्नाथपुर की ओर से सबसे अच्छी बल्लेबाजी अंकित शर्मा ने की जिसने मात्र 34 गेंदों पर चार चौके एवं नौ छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 78 रन बनाकर टीम की जीत को आसान बना दिया। अन्य बल्लेबाजों में सदान आलम ने 45 तथा प्रणव त्रिपाठी ने 19 रन बनाए। प्रताप क्रिकेट क्लब की ओर से रौशन कुमार ने 42 रन देकर दो विकेट हासिल किए। सुधांशु पॉल, नवीन बोदरा एवं राज कोंडाकेल को एक-एक सफलता हाथ लगी। कल विश्राम का दिन है। 26 नवंबर को दूसरे क्वार्टर फाईनल मुकाबले में फ्रेंडस क्लब चाईबासा का मुकाबला टॉउन क्लब चाईबासा से होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




