अम्बेडकर जन्मोत्सव पर समाज में योगदान देने वालों को किया जाएगा सम्मानित
चाईबासा में 14 अप्रैल को भीमराव अंबेडकर की जयंती पर कार्यक्रम की पूरी तैयारी की गई है। ताम्बो चौक पर बाइक रैली का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों और छात्रों को आमंत्रित किया गया है। रैली के साथ-साथ बहुजन समाज के महापुरुषों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।

चाईबासा। भारत के संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई है। अम्बेडकर जयंती आयोजन समिति, कोल्हान की ओर से ताम्बो चौक (तमाड़बांध), चाईबासा में समारोह का आयोजन किया जाएगा। समिति की ओर से जयंती समारोह की विस्तृत रूपरेखा और कार्यक्रमों की सूची तैयार कर ली गई है। इस अवसर पर बहुजन समाज के लोगों ने पूरे शहर में विशाल बाइक रैली निकाली। रैली में कोल्हान क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों एवं अन्य संस्थानों को भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। समिति ने सभी संगठनों से सक्रिय सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
बाइक रैली सुबह 10 बजे शुभारंभ होगी। जिसमें बड़ी संख्या में लोग भाग लेकर चाईबासा शहर का भ्रमण करेंगे और बाबा साहेब के विचारों का प्रचार-प्रसार करेंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम में बहुजन समाज के महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान पर आधारित गीत-संगीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएगी। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक लोगों से इस कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


