रांजाबुरु खदान के विरोध में 72 घंटे की भूख हड़ताल शुरू
पश्चिमी सिंहभूम के गुवा क्षेत्र में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के रांजाबुरु खदान परियोजना के विरोध में 12 गांवों के ग्रामीणों ने 72 घंटे की भूख हड़ताल शुरू की है। ग्रामीण स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग कर रहे हैं और खनन कार्यों से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की शिकायत कर रहे हैं।

गुवा, संवाददाता। पश्चिमी सिंहभूम के गुवा क्षेत्र में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के रांजाबुरु खदान परियोजना के विरोध में 12 गांवों के मुंडा-मानकी और ग्रामीणों ने जनरल ऑफिस के समक्ष 72 घंटे की भूख हड़ताल शुरू कर दी है। इस आंदोलन में करीब 500 ग्रामीण शामिल हैं, जो स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि 13 फरवरी को उन्होंने रोजगार को लेकर धरना और 27 फरवरी को थाली-कटोरा बजाकर विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद अब तक सेल प्रबंधन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
आंदोलनकारियों का आरोप है कि खनन कार्यों से उनकी खेती पूरी तरह प्रभावित हो रही है। खदान से निकलने वाली धूल, मिट्टी और लाल पानी सीधे खेतों में पहुंच रहा है, जिससे उपजाऊ जमीन बंजर बनती जा रही है। इसके अलावा कारो नदी का पानी भी प्रदूषित हो रहा है, जिसका उपयोग ग्रामीण पीने और दैनिक जरूरतों के लिए करते हैं। इससे ग्रामीणों में बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।बता दें कि विगत 7 अप्रैल को काशियापेचा गांव में आयोजित ग्राम सभा में सर्वसम्मति से 15 अप्रैल से भूख हड़ताल का निर्णय लिया गया था। आंदोलन का नेतृत्व सारंडा पीढ़ के मानकी सुरेश चाम्पिया कर रहे हैं। उनके साथ कई मुंडा-मानकी और बड़ी संख्या में पुरुष एवं महिलाएं आंदोलन में शामिल हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 72 घंटे के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सेल का चक्का जाम कर उत्पादन पूरी तरह ठप कर देंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


