झारखंड के रांची में 6 घंटे गरजा बुलडोजर, 60 से ज्यादा मकान-दुकान जमींदोज; मची रही भगदड़
- बुलडोजर ऐक्शन के बीच हंगामे के साथ लोगों में भगदड़ मची रही। एचईसी, रांची जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आशियाना टूटता देख आक्रोशित हुए लोगों ने अभियान को रोकने का प्रयास किया

झारखंड के रांची के एचईसी की जमीन पर अवैध रूप से बने मकान-दुकान समेत निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। रविवार को सुबह 11 बजे शुरू हुई कार्रवाई शाम करीब 5 बजे तक चली। छह घंटे की इस कार्रवाई में 60 से अधिक मकान-दुकान को जमींदोज कर दिया गया। एचईसी के मुख्य प्रवेश द्वार के डिबडीह रोड में भुसूर कटिंग तक जेसीबी से सभी अतिक्रमण को ध्वस्त करते हुए दोबारा निर्माण नहीं करने की चेतावनी दी गई।
मची रही भगदड़
इस बीच हंगामे के साथ लोगों में भगदड़ मची रही। एचईसी, रांची जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आशियाना टूटता देख आक्रोशित हुए लोगों ने अभियान को रोकने का प्रयास किया। हालांकि कार्रवाई में शामिल अधिकारियों ने सभी को समझाइश कर शांत कराया।
भारी संख्या में जवानों की तैनाती
सदर एसडीओ से निर्देश मिलने के बाद अतिक्रमण हटाओ अभियान की कार्रवाई का नेतृत्व अरगोड़ा के अंचलाधिकारी (सीओ) सुमन सौरभ, एचईसी प्रबंधन से आरके झा समेत अन्य कर रहे थे। वहीं, एहतियात के तौर पर जगन्नाथपुर थाना पुलिस के अलावा काफी संख्या में जवानों को तैनात किया गया था।
रोती-बिलखती दिखी महिलाएं और बच्चे
रोती महिलाओं ने अधिकारियों से कहा कि अभावग्रस्त परिवारों पर सरकार को ध्यान देना चाहिए। वहीं, तोड़े गए कई मकान के मलवे से लोग सामान निकालते रहे। हालांकि बहुत से लोगों ने अपना सामान पहले ही हटा लिया था। बताया गया कि पूर्व में सभी को एचईसी प्रबंधन के टीए डिवीजन की ओर से नोटिस दिया गया था। साउंड सिस्टम से भी जगह खाली करने की अपील की गई थी।
गुहार लगाने पर एचईसी प्रबंधन ने लोगों को दी 2 दिन की मोहलत
अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलता देख लोगों ने अधिकारियों को घर में बुजुर्ग, बीमार और प्रसूता के होने की दुहाई दी। कुछ लोगों ने घरों में मवेशियों के भी होने की जानकारी दी। ऐसे लोगों ने अधिकारियों से सुरक्षित स्थान पर सामान, परिजनों और मवेशियों को ले जाने के लिए समय मांगा। महिलाओं-बच्चों को रोता-बिलखता देख अधिकारियों ने उन्हें दो दिन का समय दिया है।
सड़क से 15 फीट अंदर तक सभी निर्माण को किया जमींदोज
एचईसी गेट से सेटेलाइट कॉलोनी चौक मुख्य मार्ग पर 15 फीट की दूरी तक बने सभी अवैध निर्माण को जेसीबी से जमींदोज कर दिया गया। पहले से चल रही कई दुकानों पर भी ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई। जिन लोगों ने सामान नहीं हटाया था, उनके सामान को जब्त कर लिया गया। बताया गया कि दूसरे चरण में भी जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।