गोमिया के तुलबुल में वन विभाग की टीम पर हमला, पांच घायल

Feb 28, 2026 02:00 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बोकारो
share

सरकारी गाड़ियों में तोड़फोड़ कर पकड़े गए दो व्यक्तियों को छुड़ा ले गए ग्रामीण, प्रभारी वनपाल ने कई नामजद व 30-35 अज्ञात महिला-पुरुषों पर दर्ज कराई प्र

गोमिया के तुलबुल में वन विभाग की टीम पर हमला, पांच घायल

गोमिया, प्रतिनिधि। गोमिया थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलबुल महावीर मंदिर के पास गुरुवार की रात वन विभाग की क्यूआरटी टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडा और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में कई वनकर्मी घायल हो गए और तीन सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद गोमिया थाना में नामजद एवं अज्ञात 30-35 व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रभारी वनपाल अजीत कुमार मुर्मू ने गोमिया थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। कहा कि 26 फरवरी की रात करीब 9 बजे ललपनिया के लुगु पहाड़ क्षेत्र में जंगली हाथियों की सूचना पर पेटरवार और गोमिया की संयुक्त क्यूआरटी टीम गश्ती कर रही थी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इसी दौरान डोम्बा पहाड़, बजरंग बली मंदिर के पास कुछ लोग जंगल से लकड़ी की सिल्ली बनाकर मोटर साइकिल पर लोड करते दिखे। जैसे ही वन विभाग की गाड़ी पहुंची तो वे देखते ही भागने लगे। टीम ने पीछा कर दो लोग राहुल प्रजापति एवं सुभाष प्रजापति को पकड़ लिया। दोनों ही तुलबुल के हैं, जबकि अन्य पहाड़ी की ओर भाग गए। वहीं दो मोबाइल फोन और लकड़ी तथा दो मोटर साइकिल (पैशन प्लस जेएच09बीएफ-7870 और हीरो एचएफ डीलक्स जेएच09एडी-7523) जब्त किया। इसके बाद वे तेनुघाट कार्यालय की ओर लौटने लगे। इसी क्रम में जब वे तुलबुल महावीर मंदिर, भौजी होटल के पास पहुंचे तो देखा कि सड़क पर पत्थर और लकड़ी रखकर रास्ता जाम कर दिया गया है। करीब 30-35 की संख्या में महिला-पुरुष लाठी-डंडा और पत्थर लेकर खड़े थे। गाड़ी रुकते ही हमला कर दिया। गाली-ग्लौज व जान से मारने की धमकी दी गई तथा पकड़े गए अभियुक्तों को जबरन छुड़ा लिया गया। हमले में क्यूआरटी टीम के सदस्य देवनाथ महतो, उपेंद्र टूडू, काली रजवार, जोलेश्वर मुर्मू व रतन लाल बेदिया घायल हो गए। वे किसी तरह जान बचाकर गोमिया अस्पताल पहुंचे। सभी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोमिया में कराया गया। बाद में पुलिस बल के साथ पुनः घटनास्थल पर पहुंचकर वीडियो के आधार पर पहचान की गई। घटना की जानकारी मिलने पर गोमिया बीडीओ महादेव कुमार महतो और सीओ अफताब आलम अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। गोमिया थाना में भगलू प्रजापति, सुभाष प्रजापति, अजय प्रजापति, संदीप प्रजापति, शंभु प्रजापति, राहुल प्रजापति, जगदेव प्रजापति की पत्नी व पुत्र, सुभाष प्रजापति की पत्नी, बनवारी प्रजापति व लाल बिहारी प्रजापति सहित अन्य 30-35 अज्ञात महिला-पुरुषों को नामजद किया गया है। आरोप है कि इन्होंने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए वनकर्मियों पर जानलेवा हमला किया, गिरफ्तार अभियुक्तों को छुड़ाया और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। गोमिया थाना कांड संख्या 27/2026 दर्ज कर विभिन्न धाराओं तथा सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम, 1984 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। 33. पेटरवार और गोमिया की संयुक्त क्यूआरटी टीम। 34. क्षतिग्रस्त की गई वाहन।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।