विवाहिता फंदे से झूलती मिली, पति पर हत्या का आरोप
गोमिया के होसिर सबदीटांड़ गांव में 19 वर्षीय नवविवाहिता संपती कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपने ससुराल में फंदे से लटकी मिली। पति मजदूरी पर था और ननद बाहर गई थी। मृतका के पिता ने दामाद के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

गोमिया, प्रतिनिधि। गोमिया थाना क्षेत्र के होसिर सबदीटांड़ गांव में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 19 वर्षीय संपती कुमारी के रूप में हुई, जो अपने ससुराल में फंदे से झूलती अवस्था में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। पुलिस ने महिला को फंदे से नीचे उतारा और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। संपती कुमारी का विवाह लगभग एक वर्ष पूर्व प्रेम प्रसंग के बाद अजीत कुमार से हुआ था।
मृतका आईईएल थाना क्षेत्र के खम्हरा गांव की रहने वाली थी। महिला का एक माह का एक बच्चा था, जिसकी 19 जनवरी को मौत हो गई थी। वहीं वह 15 जनवरी को अपने मायके से ससुराल सबदीटांड़ आई थी। घटना के समय पति मजदूरी करने गया हुआ था, जबकि महिला घर में अकेली थी। उसकी ननद पानी लेने बाहर गई थी। जब वह वापस लौटी तो देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है। खिड़की से झांकने पर संपती को फंदे से झूलता हुआ पाया गया। इसके बाद ग्रामीणों, पुलिस और मायके पक्ष को सूचना दी गई। मृतका के पिता ने गोमिया थाना में दामाद के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




