पूर्व विधायक छत्रु राम महतो की प्रतिमा के अनावरण को लेकर हुई बैठक
पेटरवार में 21 जनवरी को गोमिया के पूर्व विधायक स्व छत्रुराम महतो की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता पूर्व विधायक लंबोदर महतो ने की। उन्होंने कहा कि यह नामकरण उनके योगदान को अमर करने का संकल्प है। प्रतिमा अनावरण में कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियां शामिल होंगी।

पेटरवार, प्रतिनिधि। पेटरवार तेनुचौक पर आगामी 21 जनवरी को गोमिया के पूर्व विधायक सह अविभाजित बिहार के पूर्व वित्त राज्य मंत्री स्व छत्रुराम महतो की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने को लेकर तैयारी समिति की बैठक पूर्व विधायक के आवास में की गई। जिसकी अध्यक्षता गोमिया के पूर्व विधायक लंबोदर महतो ने की। बैठक के दौरान पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने कहा कि संयुक्त बिहार के पूर्व वित्तराज्य मंत्री सह पूर्व विधायक व पांच बार जरीडीह और गोमिया विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले स्व छत्रु राम महतो के व्यक्तित्व व कृति को अक्षुन्न बनाये रखने के लिए पेटरवार तेनुचौक का नामकरण स्व छत्रु राम महतो चौक किया जाना, सभी दृष्टिकोण से बेहतर रहेगा।
उन्होंने कहा स्व छत्रु राम महतो की कृति व व्यक्तित्व का जितना भी बखान करेंगे वह सूरज को दीपक दिखाने के सामान होगा। कहा कि छत्रुराम महतो केवल एक राजनेता नहीं बल्कि लोकसेवा की जीती-जागती मिसाल थे। संयुक्त बिहार सरकार में वित्त राज्य मंत्री और गोमिया के पूर्व विधायक के रूप में उन्होंने हमेशा समाज की आवाज़ को सशक्त किया था। सबका मानना था कि यह नामकरण मात्र एक प्रशासनिक कार्य नहीं बल्कि उस विरासत को अमर करने का संकल्प है, जिन्होंने झारखंड की जनता के लिए जीवन समर्पित किया था। कहा कि प्रतिमा अनावरण के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, मांडू विधायक तिवारी महतो सहित अन्य विधायक व विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। प्रतिमा स्थापित करने की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



