Hindi NewsJharkhand NewsBokaro NewsStakeholder Meeting Focuses on Education Empowerment and Violence Prevention in Kasmar
नेतृत्व क्षमता एवं हिंसा की रोकथाम पर सामूहिक जिम्मेदारी का आह्वान

नेतृत्व क्षमता एवं हिंसा की रोकथाम पर सामूहिक जिम्मेदारी का आह्वान

संक्षेप:

कसमार प्रखंड के बगदा पंचायत भवन में सहयोगिनी संस्था द्वारा अर्धवार्षिक ज्ञान आधारित स्टेकहोल्डर मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक में बच्चों की शिक्षा, किशोरियों का सशक्तिकरण और हिंसा की रोकथाम पर चर्चा की गई। मुखिया गीता देवी ने बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।

Dec 20, 2025 05:27 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, बोकारो
share Share
Follow Us on

कसमार, प्रतिनिधि । कसमार प्रखंड के बगदा पंचायत भवन में सहयोगिनी संस्था की ओर से शनिवार को अर्धवार्षिक ज्ञान आधारित स्टेकहोल्डर मीटिंग का आयोजन किया गया। इस बैठक में बच्चों की शिक्षा, किशोरियों के नेतृत्व क्षमता विकास, सरकारी योजनाओं से जुड़ाव तथा हिंसा की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में पंचायत प्रतिनिधि, सेविका, सहिया, महिला समूहों की सदस्य, अभिभावक एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए बगदा पंचायत की मुखिया गीता देवी ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और किशोरियों का सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास के लिए अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जब तक लड़कियों और महिलाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा और सुरक्षा की सही जानकारी नहीं मिलेगी, तब तक वे आत्मनिर्भर नहीं बन सकतीं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता दें और बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ आवाज उठाएं। उपमुखिया वीरेंद्र करमाली ने कहा कि बाल विवाह और हिंसा समाज के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि किशोरियों में नेतृत्व क्षमता का विकास कर ही उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया जा सकता है। उन्होंने सभी हितधारकों से आग्रह किया कि किसी भी प्रकार की हिंसा या बाल विवाह की जानकारी तुरंत पंचायत या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर समाज को सुरक्षित बनाया जा सके। इस दौरान पंचायत सचिव इमरोज़ अहमद एवं कार्यक्रम समन्वयक प्रकाश कुमार महतो ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 की जानकारी देते हुए बताया कि कानून के अनुसार लड़की की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़के की 21 वर्ष निर्धारित है। इससे पहले विवाह कराना दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में पंचायत स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में वार्ड सदस्य, चमेली देवी, द्रौपदी देवी, पूनम देवी आंगनबाड़ी सेविका मीना देवी, अंकिता देवी, सरस्वती देवी, एनिमेटर संगीता देवी, पुष्पा देवी, मंगल कुमार, समीर भट्टाचार्य सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं महिला समूह से जुड़ी सदस्य उपस्थित थे।