Bokaro News: परमात्मा जीवों के दुखों का नाश कर सुख व शांति करते हैं प्रदान : संत रामपाल
Bokaro News: पेटरवार के जराडीह गांव में संत रामपाल जी महाराज के अनुयायियों ने एकदिवसीय सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया। श्रद्धालुओं ने शास्त्र आधारित प्रवचनों को ध्यान से सुना। प्रवचनों में मानव जीवन का उद्देश्य और आध्यात्मिक ज्ञान के महत्व पर जोर दिया गया। कार्यक्रम ने भक्ति, शांति और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

Bokaro News: पेटरवार, प्रतिनिधि। प्रखंड के कोह पंचायत अंतर्गत जराडीह गांव में संत रामपाल जी महाराज के अनुयायियों द्वारा रविवार को एकदिवसीय सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सत्संग में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और शास्त्रआधारित प्रवचनों को ध्यानपूर्वक सुना। पूरे कार्यक्रम स्थल पर भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। सत्संग के दौरान संत रामपाल जी महाराज के शास्त्र आधारित प्रवचनों के माध्यम से बताया गया कि मनुष्य जीवन अत्यंत दुर्लभ है और इसका वास्तविक उद्देश्य पूर्ण परमात्मा की भक्ति करके मोक्ष प्राप्त करना है। प्रवचनों में पवित्र गीता अध्याय 18 श्लोक 66, यजुर्वेद अध्याय 32 मंत्र 2 तथा ऋग्वेद के प्रमाणों द्वारा समझाया गया कि संपूर्ण सृष्टि का पालनहार केवल एक पूर्ण परमात्मा है।
वही परमात्मा जीवों के दुखों का नाश कर वास्तविक सुख और शांति प्रदान करते हैं। सत्संग में यह भी बताया गया कि वर्तमान समय में बढ़ती अशांति, नशाखोरी और पारिवारिक कलह का मुख्य कारण आध्यात्मिक ज्ञान की कमी है। जब मनुष्य शास्त्रों के अनुसार भक्ति करता है और बुराइयों का त्याग करता है, तब उसके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आने लगते हैं। श्रद्धालुओं ने बताया कि सत्संग सुनने से मन को शांति मिली और सत्य भक्ति के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ। कार्यक्रम के अंत में मानवता, सदाचार और नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया गया। सत्संग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विभिन्न स्थानों से काफी संख्या में महिला-पुरूष श्रद्धालु यहां पहुंचे थे। इस अवसर पर सेवादार कीर्तन महतो, किशोर, भीम नारायण, योगेंद्र महतो, अखिलेश महतो, पूनम देवी, शोभा देवी, नीतू देवी समेत सैकड़ों महिला-पुरूष श्रद्धालु उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


