Bokaro News: कौशल बोध कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पशुपालन व स्वरोजगार के अवसरों की दी जानकारी
Bokaro News: बोकारो में 'कौशल बोध' कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को कौशल-आधारित शिक्षा और पशुपालन के क्षेत्र में विभिन्न व्यावसायिक अवसरों के बारे में जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि डॉ. आलोक कुमार सिन्हा ने पशुपालन और पशु-चिकित्सा विज्ञान के महत्व को बताया। कार्यक्रम ने छात्रों के व्यक्तित्व विकास और करियर निर्माण में सहायता की।

Bokaro News: बोकारो ,प्रतिनिधि। विद्यार्थियों को कौशल-आधारित शिक्षा तथा विभिन्न व्यावसायिक अवसरों से परिचित कराने के उद्देश्य से विद्यालय में ‘कौशल बोध’ विशेष कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य अभिषेक कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पशुपालन विभाग के सेवानिवृत्त सहायक निदेशक डॉ. आलोक कुमार सिन्हा थे। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में डॉ. सिन्हा ने विद्यार्थियों को पशुपालन एवं पशु-चिकित्सा विज्ञान के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने वैज्ञानिक पशुपालन की आधुनिक तकनीकों पर प्रकाश डालते हुए पशुओं के नियमित टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, स्वच्छ आवास, रोगों की रोकथाम तथा आधुनिक डेयरी प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि पशुपालन केवल आजीविका का साधन ही नहीं, बल्कि रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए भी व्यापक संभावनाओं वाला क्षेत्र है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य अभिषेक कुमार ने कहा कि कौशल-आधारित शिक्षा विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों को नई जानकारी देने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास और करियर निर्माण में भी सहायक सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पशुपालन क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।


