Bokaro News: चास कृषि बाजार में चोरी का खौफ, 100 से अधिक गोदामों की सुरक्षा पर सवाल
Bokaro News: चास कृषि बाजार समिति परिसर में गोदामों से चोरी की घटनाओं ने व्यवसायियों में चिंता बढ़ा दी है। सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के चलते व्यवसायियों ने जिला प्रशासन से सुरक्षा सुधारने की अपील की है। परिसर में गोदामों की संख्या एक सौ से अधिक है, जिससे ग्राहकों की भी चिंता बढ़ रही है।

Bokaro News: चास, प्रतिनिधि। चास कृषि बाजार समिति परिसर में गोदामों से आए दिन चोरी की घटनाओं ने व्यवसायियों की चिंता बढ़ा दी है। लगातार हो रही चोरी के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं किए जाने से व्यवसायियों में आक्रोश है। व्यवसायियों का कहना है कि रात के समय परिसर में पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती नहीं होने और नियमित गश्ती के अभाव का चोर फायदा उठा रहे हैं। गोदामों में रखे सामान की सुरक्षा को लेकर व्यवसायी भयभीत हैं। कृषि बाजार समिति परिसर में एक सौ से अधिक गोदाम हैं। शहर की पुरानी राशन मंडियों में शामिल इस बाजार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचते हैं। चास के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी वर्षों से यहां राशन और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी करते आ रहे हैं। ऐसे में बाजार की सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने से व्यवसायियों के साथ ग्राहकों में भी चिंता बढ़ रही है。
पहले बेहतर थी सुरक्षा व्यवस्था
व्यवसायियों का कहना है कि पूर्व में कृषि बाजार समिति परिसर में सुरक्षा सहित अन्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था थी। वर्तमान में निगरानी कमजोर होने के कारण चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कई घटनाओं के बाद भी स्थायी समाधान नहीं होने से समस्या बनी हुई है। इसे लेकर व्यवसायियों के साथ स्थानीय पार्षदों में भी नाराजगी है। व्यवसायी अनिल गोयल ने कहा कि बाजार समिति की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन को गंभीरता से पहल करने की जरूरत है। उन्होंने परिसर में नियमित पुलिस गश्ती, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की।
निर्माण व गतिविधियों की भी होगी जांच
चास कृषि बाजार समिति के सचिव शशि भूषण खलको ने कहा कि परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी। यात्री शेड पर बनाए गए गोदाम समेत अन्य निर्माण और गतिविधियों की जांच कराई जाएगी। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि समिति परिसर में नियमों के विपरीत किसी भी तरह का कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


