Bokaro News: एसबीआई ने व्यापारियों को बांटे सिक्के और छोटे नोट, वित्तीय जागरूकता की दी जानकारी
Bokaro News: एसबीआई और बोकारो चैंबर ऑफ कॉमर्स ने त्योहारों के दौरान छोटे नोटों और सिक्कों की कमी से व्यापारियों को राहत देने के लिए वितरण एवं वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। एसबीआई के सहायक महाप्रबंधक प्रमोद कुमार ने विभिन्न बैंकिंग योजनाओं और सरकारी ऋण कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने साइबर ठगी से बचने और ओटीपी, एटीएम पिन व पासवर्ड गोपनीय रखने की सलाह भी दी।

Bokaro News: भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और बोकारो चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को चैंबर भवन स्थित सभागार में सिक्का एवं करेंसी वितरण सह वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य त्योहारों के दौरान बाजार में छोटे नोटों और सिक्कों की कमी से जूझ रहे व्यापारियों को राहत देना और बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसबीआई बोकारो के सहायक महाप्रबंधक प्रमोद कुमार थे। चैंबर अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि नवरात्र और दुर्गापूजा के दौरान छोटे नोटों एवं सिक्कों की कमी से व्यापारियों को ग्राहकों के साथ लेन-देन में परेशानी हो रही थी।
बैंक की यह पहल व्यापारिक गतिविधियों को सुचारू बनाने में मददगार होगी। चैंबर के महामंत्री राजकुमार जायसवाल ने कहा कि व्यापारियों की समस्या से एसबीआई की क्षेत्रीय प्रबंधक प्रियंका सिंह को अवगत कराया गया था। उनके निर्देश और सहयोग से कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रमोद कुमार ने व्यापारियों को होम लोन, वाहन ऋण, व्यापार ऋण, बीमा, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट सहित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही मुद्रा ऋण, पीएमईजीपी और स्टैंड-अप इंडिया जैसी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि ओटीपी, एटीएम पिन और बैंकिंग पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करें। ठगी होने पर तत्काल बैंक, साइबर सेल या बोकारो पुलिस को सूचना दें। कार्यक्रम में अमित कुमार, कृष्ण कांत मुरारी, अमीषा सिंह, अमृतांशु, बीडी राम, हितेंद्र सिंह, सिद्धार्थ पारिख, मुकेश अग्रवाल, नरेंद्र सिंह, संजय अग्रवाल और कमलेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।

