Bokaro News: पहली जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में माउंट सियोन के खिलाड़ियों ने जीते चार पदक
Bokaro News: पहली जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में माउंट सियोन के खिलाड़ियों ने जीते चार पदकपहली जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में माउंट सियोन के खिलाड़ियों ने जीते

Bokaro News: माउंट सियोन स्कूल, बोकारो के जूडो खिलाड़ियों ने पहली बार जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य समेत कुल चार पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। पहली ही जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मिली इस सफलता को विद्यालय प्रबंधन ने खेल के क्षेत्र में नई शुरुआत और ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। प्रतियोगिता में कृष्णा शर्मा ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि जयंत सिंह ने रजत पदक अपने नाम किया। नवीन किशोर और राधिका राज ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान कौशल, साहस, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।
खिलाड़ियों की इस सफलता में विद्यालय के मार्शल आर्ट शिक्षक अभिजीत सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन और नियमित प्रशिक्षण से खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के लिए बेहतर तैयारी की। विद्यालय के निदेशक संजीव ठाकुर ने सभी पदक विजेताओं और अभिजीत सिंह को बधाई देते हुए कहा कि पहली ही जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चार पदक हासिल करना विद्यालय के लिए गौरव की बात है। प्रधानाचार्या डॉ. बी. रीना ठाकुर ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर खिलाड़ी भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पदक विजेताओं को बधाई दी।


