Bokaro News: मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम के ट्रैक व मैदान को खराब करने की निंदा
Bokaro News: बोकारो में मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम की स्थिति खिलाड़ियों के संघ के लिए चिंता का विषय बन गई है। हाल ही में आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता के कारण मैदान कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गया है। खिलाड़ियों ने बीएसएल के निदेशक को पत्र लिखकर मैदान की जल्द दुरुस्ती की मांग की है।

Bokaro News: बोकारो, प्रतिनिधि। मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम बीएसएल की खेल विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। बीएसएल के सहयोग से इस स्टेडियम ने कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के साथ ओलंपिक स्तर के खिलाड़ी भी देश को दिए हैं। 21 नवंबर 1975 को स्टेडियम का उद्घाटन एथलेटिक्स प्रतियोगिता के आयोजन के साथ हुआ था। उस समय यह क्षेत्र धनबाद जिले और बिहार राज्य का हिस्सा था। उस दौर में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों वाले गिने-चुने स्टेडियमों में इसकी पहचान थी।
स्टेडियम की वर्तमान स्थिति
वर्तमान में एनटीपीसी नेशनल रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता के आयोजन के कारण स्टेडियम का मैदान कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गया है। खिलाड़ी संघ ने आरोप लगाया कि इससे एथलेटिक्स और फुटबॉल के अभ्यास में परेशानी हो रही है। एथलेटिक्स और फुटबॉल के लिए समतल मैदान आवश्यक है, जबकि तीरंदाजी के लिए इस तरह के समतलीकरण की आवश्यकता नहीं होती। खिलाड़ी संघ के अनुसार पिछले 50 वर्षों में पहली बार स्टेडियम की ऐसी स्थिति हुई है कि खिलाड़ियों को मैदान के अंदर चलना भी मुश्किल हो गया है। इसे लेकर संघ ने स्टेडियम के ट्रैक और मैदान को खराब व बर्बाद किए जाने की निंदा की है। इस संबंध में खिलाड़ी संघ ने बीएसएल के निदेशक प्रभारी को पत्र लिखकर ट्रैक और मैदान को तत्काल दुरुस्त कराने व समतलीकरण कराने की मांग की है। साथ ही भविष्य में ऐसे आयोजनों के लिए मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम उपलब्ध कराने से पहले खेलों की आवश्यकताओं और मैदान की स्थिति का ध्यान रखने की मांग की गई है।


