Bokaro News: जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों पर मंत्री से हुई चर्चा
Bokaro News: गोमिया विधानसभा क्षेत्र के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने विभिन्न गांवों से आए लोगों से मुलाकात की। ग्रामीणों ने अपनी जनसमस्याओं और विकास कार्यों की जरूरतें साझा कीं। मंत्री ने समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर करने और विकास में बाधा ना आने का आश्वासन दिया। सरकार जनकल्याण योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Bokaro News: राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र प्रसाद से उनके आवास पर गोमिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए लोगों ने मुलाकात की। इस दौरान गोमिया, कसमार और पेटरवार प्रखंड के ग्रामीणों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं, विकास कार्यों की जरूरतों तथा विभिन्न सुझावों से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा तथा विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
मंत्री ने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आम लोगों के हित में लगातार कार्य कर रही है और विकास तथा जनकल्याण की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है। मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में पेयजल, सड़क, बिजली तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। मंत्री ने आश्वस्त किया कि सभी सुझावों और मांगों पर सकारात्मक पहल की जाएगी।


