Bokaro News: 15 दिनों बाद खुले जगन्नाथ मंदिर के पट, नवयौवन दर्शन के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
Bokaro News: बोकारो के जगन्नाथ मंदिर में नवयौवन दर्शन के अवसर पर चास-बोकारो सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर के पट खुलने के साथ ही भक्तों में उत्साह देखा गया। रथयात्रा की तैयारियां भी पूरी हो गई हैं, जहां भगवान जगन्नाथ भक्तों को दर्शन देंगे।

Bokaro News: बोकारो। बोकारो शहर के सेक्टर-4 स्थित जगन्नाथ मंदिर में मंगलवार को नवयौवन दर्शन के अवसर पर चास-बोकारो सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह नौ बजे मंदिर के पट खुलते ही भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतार लग गई। 15 दिनों तक अनासर काल के कारण बंद रहे मंदिर के पट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इससे पूर्व सुबह छह बजे मंदिर के पुजारी हिमांशु दास एवं मानस आचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान का नेत्रदान संस्कार, अंतिम श्रृंगार, विशेष पूजा-अर्चना और आरती संपन्न कराई। मान्यता के अनुसार महास्नान के बाद भगवान जगन्नाथ अस्वस्थ हो जाते हैं और 15 दिनों तक विश्राम करते हैं। इसी अवधि के बाद नवयौवन रूप में उनके दर्शन कराए जाते हैं।
नवयौवन दर्शन की तैयारी
नवयौवन दर्शन को लेकर मंदिर परिसर को फूल-मालाओं और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। भगवान की सुसज्जित प्रतिमाओं का दिव्य स्वरूप श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस बीच गुरुवार को होने वाली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। उत्कल सेवा समिति के तत्वावधान में दोपहर एक बजे के बाद मंदिर परिसर से रथयात्रा निकाली जाएगी। पुजारी हिमांशु दास ने बताया कि भगवान जगन्नाथ स्वयं अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए रथ पर सवार होकर मंदिर से बाहर आते हैं। भुवनेश्वर से मंगाए गए विशेष सजावटी वस्त्रों और फूल-मालाओं से सुसज्जित भव्य रथ मंदिर के बाहर तैयार कर रखा गया है।


