सिवनडीह के यूपी टेंट गोदाम की आग में दर्जन भर गैस सिलेंडर में विस्फोट से थर्रा उठा इलाका, अफरातफरी
बोकारो रामगढ़ हाईवे पर सिवनडीह कर्बला मैदान के पास बीएसएल के टेंट गोदाम में आग लगने से अफरातफरी मच गई। गैस सिलेंडर के कई विस्फोटों ने आसपास के इलाकों को दहशत में डाल दिया। घटना इफ्तार के समय हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पुलिस और अग्निशामक विभाग जांच कर रहे हैं।

बोकारो, प्रतिनिधि। बोकारो रामगढ़ हाईवे में माराफारी थाना क्षेत्र के सिवनडीह कर्बला मैदान से सटे बीएसएल के अवैध कब्जे वाले जमीन पर बने यूपी टेंट गोदाम में मंगलवार शाम 5:45 बजे आग लग गई। आग की ऊंची उठती लपटों व धुओं के गुब्बारों के बीच गैस सिलेंडर विस्फोट ने आसपास के इलाकों को दहशत में भर दिया और हाईवे से लेकर आवासीय इलाकों में अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना इतनी भयावह थी कि हैडक्वाटर डीएसपी अनिमेष गुप्ता सिटी डीएसपी आलोक रंजन स्थानीय इंस्पेक्टर आजाद खान इंस्पेक्टर सुदामा दास इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र सिंह इंस्पेक्टर नवीन सिंह इंस्पेक्टर संजय कुमार समेत आधा दर्जन थानों की पुलिस फायर ब्रिगेड विंग के साथ आग समेत खराब होते माहौल को संभालने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी।
हाईवे कुछ देर के लिए थम सा गया, घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी, घर में मौजूद लोग बम की तरह आवाज सुनकर बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रुक रुककर लगभग दर्जन भर गैस सिलेंडर का विस्फोट हुआ, जिसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। होली की पूर्व संध्या पर पुलिस फोर्स शहरी इलाकों में फ्लैग मार्च कर रही थी, तभी इस विस्फोट के कारण संभावित स्थिति की आशंका में फोर्स को सिवनडीह शिफ्ट होना पड़ा। चुकी होली के साथ साथ पाक रमजान भी चल रहा है, घटना उस वक्त हुई, जब लगभग इफ्तार का वक्त था। ऐसे में पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी कि घटना को लेकर कोई अफवाह ना फैले और सांप्रदायिक सौहार्द बना रहे। बोकारो के अमन चैन पसंद लोगों व पुलिस अधिकारियों के सूझबूझ से इस भयावह आग व आग के बीच सिलेंडर विस्फोट में किसी के जान माल को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सामाजिक तानाबाना सौहार्दपूर्ण बना रहा। रमजान की वजह से टली आफत : घटना का समय इफ्तार के आसपास का था, टेंट हाउस के संचालक अजहर मजहर दो भाई हैं। कर्बला चौक के पास अधिकांशतः समुदाय विशेष के लोगों का व्यवसाय है, जो दुकानें बंद कर इफ्तार की तैयारी में थे। गोदाम की आग में विस्फोट के वक्त मार्केट सन्नाटा था, जिसके कारण कोई नुकसान नहीं हुआ। आमतौर पर शाम के वक्त उक्त स्थल पर भीड़ होती है, मार्केट गुलजार होता है, अगर रमजान ना होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। बम का रूप ले चुकी थी आग में सिलेंडर अग्निशमन विभाग व पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। मामले में 12 लाख से अधिक के संपति के नुकसान का आंकलन किया गया है। टेंट हाउस संचालकों के लिखित आवेदन पर माराफारी इंस्पेक्टर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटे हुए है, परंतु पुलिस की ओर से इस भयावह अग्निकांड में सिलेंडर विस्फोट को लेकर कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। आखिर टेंट गोदाम में इतने पैमाने पर गैस सिलेंडर कैसे मौजूद था, इस बिंदु पर भी जांच होनी चाहिए, क्योंकि सिलेंडर आग में विध्वंसक बम का रूप ले चुका था। हालांकि माराफारी इंस्पेक्टर मोहम्मद आजाद खान ने कहा कि संचालकों ने बताया कि उनके घरेलू इस्तेमाल के महज तीन सिलेंडर थे। घटनास्थल की स्थिति मालवों के बीच सिलेंडर के हिस्से ताबड़तोड़ विस्फोट की गूंज इस बात से इत्तफाक नहीं रखती। रिफिलिंग का बड़ा नेटवर्क : घटना के बाद माराफारी थाना क्षेत्र में घरेलू इस्तेमाल में आने वाली एलपीजी गैस सिलेंडर रिफिलिंग की प्रबल आशंका जाहिर की जा रही है। इलाके व आसपास रहने वाले लोगों में घटना के बाद से ये चर्चा जोरो पर है कि सिलेंडर से अवैध तरीके से रिफिलिंग की जाती है, रिफिलिंग का सबसे बड़ा नेटवर्क संचालित है, जिसे रोकने के लिए जिम्मेदार एजेंसी, प्रशासन व लोकल पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


