
कोयला मजदूर संघ ने मांगों को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी
कथारा में मजदूर संघ ने सीसीएल प्रबंधन की उपेक्षा के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है। उन्होंने मांग की है कि मैनुअल लोडिंग की प्रक्रिया पुनः शुरू की जाए, क्योंकि मशीन लोडिंग से हस्त लदनी मजदूरों को नुकसान हो रहा है। यदि प्रबंधन ने ध्यान नहीं दिया, तो शांतिपूर्ण चक्का जाम किया जाएगा।
कथारा, प्रतिनिधि। सीसीएल कथारा वाशरी रोड सेल में हस्त लदनी मजदूरों, विस्थापितों, बेरोजगारों तथा महिलाओं की उपेक्षा व डीओ धारको की मनमानी के खिलाफ मजदूर संघ ने आंदोलन की चेतावनी दी। पेलोडर लोडिंग से न होकर मजदूरों से काम कराए जाने की मांग सीसीएल कथारा क्षेत्रीय प्रबंधन से की गई है। संघ के संयोजक अरुण कुमार सिंह ने अध्यक्षता की। संघ के कार्यकारी अध्यक्ष नरेश यादव ने बताया कि महाप्रबंधक को प्रेषित पत्र में कहा गया कि स्थानीय प्रबंधन, डीओ धारक तथा लिफ्टरों की मनमानी, रोड सेल में हो रहे धांधली को अब नहीं चलने दिया जायेगा। वर्ष 1972-73 से कथारा वाशरी में नन रोड सेल तथा रोड सेल में संघ के मजदूर दंगल द्वारा रेलवे वैगन तथा ट्रकों में लोड करने का कार्य किया जाता रहा है।
वर्ष 2015 में सीसीएल मुख्यालय रांची द्वारा मैनुअल लोडिंग के साथ मशीन लोडिंग चालू कर दिया गया। बाद में प्रबंधन द्वारा डीओ धारकों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जबरन मैनुअल लोडिंग को बंद कर मशीन लोडिंग को लागू कर दिया गय। जिसका सीधा असर हस्त लदनी मजदूरों पर पड़ रहा है। कहा कि वर्तमान में मशीन से लोडिंग के कारण कथारा वाशरी स्लरी पौंड युद्ध क्षेत्र का स्वरूप लेता जा रहा है। साथ ही यह अवैध वसूली का अड्डा बनता जा रहा है। इसलिए इसका एकमात्र निदान मैनुअल लोडिंग ही है जिससे इस क्षेत्र के सैकड़ों मजदूरों को रोजी रोजगार संभव हो पायेगा। कहा गया कि प्रबंधन यदि इस ओर ध्यान नहीं देती है तो आगामी 2 दिसंबर के बाद कभी भी कथारा वाशरी कोयला रोड सेल में शांतिपूर्ण चक्का जाम करने को बाध्य होंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




