Bokaro News: श्रीकृष्ण-अवतरण बेला में ठाकुरबाड़ी-मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव आज
Bokaro News: जन्माष्टमी से एक दिन पहले बेरमो में जगह-जगह जन्माष्टमी उत्सव श्रद्धा-उल्लास के साथ मनाया गया, आज चहुंओर रहेगी धूम

Bokaro News: भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव आज भाद्रपद कृष्ण अष्टमी रोहिणी नक्षत्र में बेरमो कोयलांचल सहित सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के ठाकुरबाड़ी और मंदिरों में श्रद्धोल्लास मनाया जायेगा। साथ ही व्रत-उपवास करते हुए श्रद्धालु अपने घरों में भी श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव आयोजित कर लड्डू गोपाल को पालने में झूलाएंगे। ज्योतिष गणनानुसार यह 5253वां श्रीकृष्ण जन्मोत्सव है और शुभ संयोग है कि अष्टमी तिथि व रोहिणी नक्षत्र में अर्द्ध रात्रि में जन्मोत्सव मनाया जा रहा है, जो भगवान श्रकृष्ण का जन्म का सही समय माना जाता है। पंडितों के अनुसार 4 सितंबर शुक्रवार को निशीथ काल में 11.22 बजे से 5 सितंबर 12.08 बजे रात तक श्रीकृष्ण की विशेष पूजा अर्चना, अभिषेक व आरती की जा सकेगी और 12 बजे रात शंखनाद के साथ भगवान का प्राक्ट्य होगा। इस वर्ष संयोग है कि पूरे देश में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव स्मार्त और वैष्णव एक ही दिन 4 सितंबर को मनायेंगे।
फुसरो के शास्त्री नगर में आयोजन
फुसरो के शास्त्री नगर स्थित राजेश्वरी देवी स्मृति भवन के निकट सुबह 9 बजे से 12 घंटे का अखंड हरिकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। स्वागतकर्ता में अंकुर गुप्ता, नयन गुप्ता व वेदजी हैं, जबकि निवेदक में अनिल गुप्ता व सौरभ गुप्ता हैं। मकोली स्थित श्रीकृष्ण चेतना परिषद की ओर से भी तैयारी है। इधर, आरडीपीएस फुसरो के प्रांगण में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव पर नर्सरी से कक्षा दो के बच्चों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। शिक्षिका स्वाति माता यशोदा का रूप एवं शिक्षक दिलीप बाउरी ने नंद बाबा के रूप में श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े बाल-लीलाओं को प्रस्तुत किया। शिक्षिकाएं राधा दता, लता चक्रवर्ती, बेबी कुमारी, नागेश्वरी कुमारी, उर्मिला कुमारी, अजय रजवार, लाडली कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
डीएवी कथारा में कार्यक्रम
डीएवी कथारा के जूनियर विंग में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता : डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा के जूनियर विंग में जन्माष्टमी को लेकर फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नर्सरी की प्रियांशी यादव ने प्रथम स्थान, आशना कुमारी ने द्वितीय स्थान व ओरहान सिद्दीकी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्य सह झारखंड जोन आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जीएन खान ने बच्चों एवं अभिभावकों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहारों और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपनी समृद्ध भारतीय परंपराओं से जोड़ना विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सफल बनाने में सुजला के, मंतोष कुमार, रंजीता सिंह, पूजा सिंह, रिया सरकार, रिया सिन्हा, सोनाली सिंह, मनीषा कुमारी, शिलेश मंडल व कृष्ण कांत पाण्डेय सहित सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पिट्स मॉडर्न स्कूल में उत्सव
पिट्स मॉडर्न स्कूल गोमिया में जन्माष्टमी उत्सव मना : पिट्स मॉडर्न स्कूल गोमिया में जन्माष्टमी उत्सव मनाया गया। शुरुआत कक्षा नौवीं की छात्रा स्तुति प्रसाद के द्वारा मंच संचालन से की गई। आठवीं की छात्रा पीहू कुमारी ने जन्माष्टमी के सांस्कृतिक महत्व और भगवान श्रीकृष्ण की जीवनोपयोगी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। वहीं विद्यार्थियों के समूह ने 'गोविंद बोलो' समूह गान की मनमोहक प्रस्तुति दी। मुख्य आकर्षण छठी कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर आधारित एक जीवंत और मनमोहक नृत्य-नाटक रहा। सुजाता दास के मार्गदर्शन में नृत्य-नाटक ने सभी का मन मोह लिया, वहीं दूसरी ओर चिन्मय भट्टाचार्य के सधे हुए संगीत निर्देशन ने इस पूरे समारोह को संगीत की स्वरलहरियों से सजा दिया। प्राचार्य श्री बृज मोहन लाल दास ने कहा कि जन्माष्टमी हमें सत्य, धर्म और करुणा की याद दिलाती है।

