महादेवगाढ़ा में आज तो बोरवाघाट व नर्रा में कल से झारखंड मेला
चंद्रपुरा के नर्रा गांव में 16 जनवरी से स्व विनोद बिहारी महतो की स्मृति में झारखंड मेला लगेगा। यह मेला एक सप्ताह चलेगा और इसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम जैसे किसान मेला, डांस प्रतियोगिता, महिला छऊ नृत्य और मुर्गा लड़ाई शामिल हैं। मेले का उद्घाटन झारखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष बेबी देवी करेंगी।
चंद्रपुरा, प्रतिनिधि। चंद्रपुरा के नर्रा गांव में संक्राति के अवसर पर 16 जनवरी से स्व विनोद बिहारी महतो की स्मृति में लगने वाला झारखंड मेला लगेगा जो एक सप्ताह तक चलेगा। करीब 40 साल पहले तत्कालीन विधायक स्व शिवा महतो ने लोक संस्कृति व राजनीतिक जागरूकता को लेकर इस मेले की शुरूआत कराई थी जो निरंतर जारी है। पूर्व मंत्री जगरनाथ महतो ने अपने काल में इस मेले को व्यापक बनाया तथा नया रूप दिया। पहले दिन शुक्रवार को इस मेले का उद्घाटन झारखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष बेबी देवी व युवा झामुमो नेता अखिलेश महतो ऊर्फ राजू करेंगे।
मेला आयोजन समिति के संरक्षक सह नर्रा मुखिया निरंजन महतो, अध्यक्ष विक्रम महतो, झामुमो के वरिष्ठ नेता जदू महतो व दशरथ महतो ने बताया कि पहले दिन किसान मेला तथा रात में डांस प्रतियोगिता का आयोजन होगा। दूसरे दिन शनिवार को आरकेस्ट्रा, रविवार को महिला छऊ नृत्य, सोमवार को झूमर, मंगलवार को नृत्य व डांस प्रतियोगिता, बुधवार को खोरठा कार्यक्रम तथा अंतिम दिन गुरूवार को मुर्गा लड़ाई का वृहद कार्यक्रम होगा। चंद्रपुरा प्रखंड के तेलो जमुनिया नदी तट पर स्थित महादेवगाढ़ा में 15 जनवरी को संक्रांति मेला लगेगा। यहां पर तेलो, तरंगा तारानारी, परसबनी, बंदियो व पपलो सहित आसपास के ग्रामीण जुटते हैं और मेले का आनंद उठाते हैं। इसके अलावा चंद्रपुरा में राजाबेड़ा दामोदर किनारे भंडारदह नामक जगह पर गुरूवार को संक्राति मेला लगेगा। यहां पर राजाबेड़ा, भंडारीदह, तुपकाडीह, तांतरी, मानगो, कुंडौरी आदि गांवों के ग्रामीण जुटते हैं। यहां पूजा-पाठ व बकरे की बली होती है। चंद्रपुरा के निकट बोरवाघाट में 16 जनवरी को मेला लगेगा। ग्रामीण इस दिन नदी में टुसू बहाते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




