Bokaro News: बारिश से बेरमो का जनजीवन प्रभावित, तेनुघाट डैम का जलस्तर बढ़ा, दामोदर नदी ने ली अंगड़ाई

हिन्दुस्तान, बोकारो
Follow us on Google News
share

Bokaro News: तेनुघाट/खेतको में बारिश ने किसानों को खुशी दी है, लेकिन आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश से कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में उपस्थिति कम हुई है। तेनुघाट डैम के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। प्रशासन ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Bokaro News: बारिश से बेरमो का जनजीवन प्रभावित, तेनुघाट डैम का जलस्तर बढ़ा, दामोदर नदी ने ली अंगड़ाई

Bokaro News: तेनुघाट/खेतको, प्रतिनिधि। बारिश के लिए प्रसिद्ध सावन का महीना ने अब जाकर अपना रंग दिखाना शुरू किया। इससे जहां किसानों में धनरोपनी को लेकर खुशी है तो दूसरी ओर जगह-जगह जमाव से विभिन्न तरह की समस्याओं से आम जनजीवन प्रभावित हुआ। मंगलवार को तो अहले सुबह से ही शुरू बारिश शाम तक करीब-करीब लगातार जारी रही। इससे औद्योगिक प्रतिष्ठान सीसीएल, बीसीसीएल, डीवीसी व टीटीपीएस में कामकाज पर जितना हो सके, असर पड़ने से इंकार नहीं किया जा सकता। वहीं सरकारी-गैर सरकारी कार्यालयों से लेकर शैक्षणिक संस्थानों में भी उपस्थिति पर असर पड़ा। बाजार प्रभावित हुए। लोग घरों से कम निकले। वहीं निचले इलाकों में पानी घुसा। आवागमन की समस्या आई।

भारी बारिश का अनुमान

इधर, पश्चिम बंगाल और आसपास के क्षेत्रों में बने गहरे अवदाब के चलते दामोदर वेस्ट और दामोदर ईस्ट के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण तेनुघाट डैम के ऊपरी कैचमेंट एरिया में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर और जल नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए तेनुघाट बांध प्रमंडल के बाढ़ नियंत्रण कोषांग द्वारा आवश्यक सूचना जारी की गई है। प्रशासन के अनुसार जलाशय का जलस्तर नियंत्रित करने के लिए किसी भी समय तेनुघाट डैम के शेष फाटक भी खोले जा सकते हैं, जिससे दामोदर नदी में जलप्रवाह अचानक काफी बढ़ सकता है। पहले से ही तेनुघाट डैम के 8 रेडियल और 1 अंडर स्लुईस गेट खुले हुए हैं जिससे 10 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे दामोदर नदी अंगड़ाई लेने लगी है। मालूम हो कि तेनुघाट डैम में कुल 10 रेडियल गेट व 8 अंडर स्लुईस गेट हैं। वहीं इस डैम में अधिकतम संरक्षण स्तर 852 फीट निर्धारित है। प्रशासन ने नदी तट और निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों, किसानों और श्रमिकों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की सख्त सलाह दी है। आमजनों से अपील की गई है कि वे सुरक्षा के लिहाज से नदी के किनारे या बहाव क्षेत्र के आसपास बिल्कुल न जाएं।

अंडरपास की समस्या

इधर, चंद्रपुरा में बना अंडरपास बारिश के बाद राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया है। पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से अंडरपास पूरी तरह जलमग्न होकर नाले का रूप ले लेता है। मंगलवार को इसी जलभराव के बीच एक बाइक सवार पानी के तेज बहाव में कुछ दूर तक बह गया। गनीमत रही कि मौजूद स्थानीय जनों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पानी से बाहर निकालकर उसकी जान बचा ली। इधर, सीसीएल बीएंडके प्रक्षेत्र अंतर्गत एकेकेओसीपी यानी खासमहल-कोनार परियोजना के कार्यालय में छत से पानी अंदर फर्श पर गिरने लगा है। ऐसे माहौल में कर्मचारियों के लिए सामान्य रूप से काम करना मुश्किल हो गया है। साथ ही कार्यालय के महत्वपूर्ण दस्तावेजों एवं सामान की सुरक्षा को लेकर भी चिंता स्वाभाविक बात है。

सामान्य प्रश्न

✦बारिश के कारण किस विषय में समस्या पैदा हुई है?−
बारिश के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsझारखंड न्यूज़बोकारोBokaro News: बारिश से बेरमो का जनजीवन प्रभावित, तेनुघाट डैम का जलस्तर बढ़ा, दामोदर नदी ने ली अंगड़ाई