Bokaro News: भव्य शोभायात्रा के साथ साध्वी द्वय का चातुर्मास प्रवेश
Bokaro News: पेटरवार स्थित चक्षु चिकित्सालय परिसर में साध्वी दर्शना बाई महासती और स्वाति बाई महासती का चातुर्मास प्रवेश हुआ। शोभायात्रा के साथ समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें साध्वियों ने चातुर्मास की आध्यात्मिक महत्ता और आत्मकल्याण का संदेश दिया। समारोह में जैन समाज के श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।

Bokaro News: पेटरवार, प्रतिनिधि। पूज्य तपस्वी श्री जगजीवन जी महाराज चक्षु चिकित्सालय परिसर में विराजमान पूज्य साध्वी दर्शना बाई महासती एवं स्वाति बाई महासती का गुरुवार को भव्य मंगल चातुर्मास प्रवेश हुआ। इस अवसर पर पेटरवार तेनुचौक स्थित आंगनबाड़ी केंद्र भवन के समीप से बाजे-गाजे और धार्मिक जयघोष के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए चक्षु चिकित्सालय पहुंची। यहां साध्वी द्वय ने विधिवत मंगल चातुर्मास प्रवेश किया। चातुर्मास प्रवेश के उपरांत विक्की स्वाध्याय भवन में धर्मसभा का आयोजन किया गया। धर्मसभा को संबोधित करते हुए साध्वी दर्शना बाई महासती एवं स्वाति बाई महासती ने चातुर्मास की आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए धर्म, संयम, साधना और आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि चातुर्मास आत्मचिंतन, तप और सदाचार का पर्व है, जो जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। कार्यक्रम में कोलकाता, रांची, चास, बोकारो, जरीडीह बाजार समेत विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। इस अवसर पर चक्षु चिकित्सालय के ट्रस्टी शांतिलाल जैन, हंसाबेन मालाणी, अरुण वेन शाह, सुबोध भाई मेहता, भावना बेन, बाबू भाई सेठ सहित जैन समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।


