
फुसरो में सजेगा बाबा श्याम का दरबार
फुसरो, बेरमो में 31 जनवरी को '33वें श्री श्याम महोत्सव' का आयोजन होने जा रहा है। यह महोत्सव श्री अग्रसेन स्मृति भवन में होगा और इसमें भव्य निशान यात्रा, अखण्ड ज्योति पाठ, तथा भजनों की प्रस्तुतियाँ शामिल हैं। इस महोत्सव का समापन 1 फरवरी को महाआरती के साथ होगा।
फुसरो। बेरमो के फुसरो में एक बार फिर भक्ति और श्रद्धा का सैलाब उमड़ने वाला है। मारवाड़ी युवा मंच बेरमो शाखा के तत्वावधान में आगामी 31 जनवरी को भव्य '33वें श्री श्याम महोत्सव' का आयोजन किया जा रहा है। श्री अग्रसेन स्मृति भवन में आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर भक्तों में भारी उत्साह है। शुरुआत 31 जनवरी को सुबह 9 बजे भव्य निशान यात्रा के साथ होगी। यह यात्रा शिव नारायण मंदिर करगली से प्रस्थान कर श्री अग्रसेन भवन फुसरो तक जाएगी। इससे पूर्व 30 जनवरी को मारवाड़ी महिला सम्मेलन द्वारा 'भव्य अखण्ड ज्योति पाठ' का आयोजन किया जाएगा।
वहीं 31 जनवरी की रात्रि 8 बजे से प्रभु इच्छा तक भजनों की अमृत वर्षा होगी। आयोजन को खास बनाने के लिए देश के विख्यात कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। संजय सेन (सूरजगढ़) अपनी सुरीली आवाज से बाबा को रिझाएंगे। शर्मा सिस्टर्स (कानपुर) और नवीन म्यूजिकल ग्रुप (कानपुर) भजनों की प्रस्तुति देंगे। स्पर्श नृत्य नाटिका ग्रुप (कोलकाता) द्वारा मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। डोली अग्रवाल एवं श्वेता अग्रवाल (कोलकाता) भी अपनी हाजिरी लगाएंगे। वहीं महोत्सव का समापन 1 फरवरी को प्रातः 4 बजे भव्य महाआरती के साथ होगा। आयोजन को सफल बनाने में मारवाड़ी युवा मंच के साथ-साथ श्री श्याम मित्र मंडल, मारवाड़ी महिला सम्मेलन और मारवाड़ी सम्मेलन, बेरमो के सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




