Bokaro News: सोहन का शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम, पिता ने दी मुखाग्नि
Bokaro News: गोमिया प्रखंड के तिलैया गांव के 38 वर्षीय सोहन महतो की मेदांता इलेक्ट्रो स्टील प्लांट में काम के दौरान हुए हादसे में मौत हो गई। सोमवार को शव गांव पहुंचने पर परिवार और ग्रामीण शोक में डूब गए। लंबी बातचीत के बाद प्रबंधन ने 60 लाख रुपये मुआवजा देने और पत्नी को योग्यता के अनुसार अनुबंध पर नौकरी देने पर सहमति जताई।

Bokaro News: गोमिया प्रखंड के तिलैया पंचायत के तिलैया गांव निवासी सोहन महतो (38 वर्ष) का शव सोमवार को गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। रविवार को मेदांता इलेक्ट्रो स्टील प्लांट में काम करने के दौरान हुए हादसे में उनकी मौत हो गई थी। परिवार के कमाऊ सदस्य सोहन की असमय मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। बेटे की अर्थी को कंधा देते समय वृद्ध पिता धर्मनाथ महतो का दर्द हर किसी को झकझोर रहा था। पिता ने अपने जवान बेटे को मुखाग्नि दी। जिस बेटे को बुढ़ापे का सहारा बनना था, उसी बेटे को अपनी आंखों के सामने अंतिम विदाई देना एक पिता के लिए असहनीय पीड़ा का क्षण था।
यह दृश्य देखकर वहां मौजूद सभी की आंखें भर आईं। वहीं पत्नी सुमन कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार बेसुध हो जा रही थी। गांव की महिलाएं उन्हें संभालने और ढांढ़स बंधाने का प्रयास कर रही थी। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद रहे। सोहन अपने वृद्ध पिता धर्मनाथ महतो, पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। वह अपने माता-पिता की देखभाल भी करते थे। उनके दो बड़े भाई हैं। बड़े भाई मोहन महतो पारा शिक्षक हैं, जबकि दूसरे भाई नागेंद्र महतो मजदूरी करते हैं। वहीं बताया गया कि घटना के बाद नौकरी और मुआवजा की मांग को लेकर गतिरोध बना रहा। प्लांट प्रबंधन के कार्यालय में लंबी वार्ता चली, जिसके बाद कुल 60 लाख रुपये मुआवजा और पत्नी को योग्यता के अनुसार अनुबंध रोल पर नियोजन देने पर सहमति बनी। इसके बाद शव को लेकर गांव पहुंचे और अंतिम संस्कार किया गया।

