
रामरुद्र मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में मनाया गंगा उत्सव
संक्षेप: बोकारो में नमामि गंगे योजनान्तर्गत गंगा उत्सव 2025 का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में नदी संरक्षण, जैव-विविधता, जैविक खेती और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में रंगोली, कविता लेखन और क्विज़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विजेताओं को प्रमाण पत्र और मेडल प्रदान किए गए।
बोकारो। जिला शिक्षा पदाधिकारी बोकारो के निर्देशानुसार नमामि गंगे योजनान्तर्गत गंगा उत्सव 2025 का आयोजन मंगलवार को जिला रामरुद्र मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय चास में किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नदी संरक्षण, जैव-विविधता संरक्षण, अर्थ-गंगा, जैविक खेती व प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में नमामि गंगे के जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीतम राज व उनके सहयोगी आशीष कुमार महतो उपस्थित थे। इस अवसर पर रंगोली, कविता लेखन व क्विज़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया और गंगा नदी के महत्व, संरक्षण व स्वच्छता के संदेश को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया।

कविता लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान साज़िदा, द्वितीय अमित और तृतीय ईशान्त कुमार ने प्राप्त किया। क्विज़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सुप्रिया कुमारी बिरला, द्वितीय पीयूष स्वर्णकार व तृतीय संजना रहीं। रंगोली प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्रियांशिता, द्वितीय राशि स्वर्णकार और तृतीय अमित कुमार ने प्राप्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निरुपमा कुमारी व डॉ. अनामिका सिंह ने संयुक्त रूप से किया। डॉ. निरुपमा कुमारी ने विद्यार्थियों को नमामि गंगे योजना के उद्देश्यों व महत्व के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया नमामि गंगे एक एकीकृत संरक्षण मिशन है, जिसे जून 2014 में भारत सरकार द्वारा फ्लैगशिप कार्यक्रम के रूप में अनुमोदित किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय नदी गंगा के प्रदूषण में कमी, संरक्षण और पुनरुद्धार के दोहरे लक्ष्यों की प्राप्ति करना है। विजेता प्रतिभागियों को विद्यालय के प्रबंधक महेन्द्र प्रसाद सिंह, प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार ने जिला प्रशासन की ओर से प्रदत्त प्रमाण पत्र व मेडल प्रदान किए गए। प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार ने कहा नदियां हमारी जीवनरेखा हैं, इसलिए हमें उनके संरक्षण और स्वच्छता के लिए प्रतिदिन छोटे-छोटे प्रयास करने चाहिए। कार्यक्रम में विद्यालय के 115 विद्यार्थी व शिक्षकों की उपस्थिति रही। शिक्षकों में रजनीगंधा,उमा शंकर विश्वकर्मा, जीवनलता, अंजनी झा व धर्मशीला आदि उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




