Bokaro News: गणेश पूजा को लेकर बोकारो में जोर-शोर से चल रही तैयारी
Bokaro News: बोकारो में गणेश पूजा को लेकर विभिन्न पूजा समितियों की तैयारी जोरों पर है। अलग-अलग क्षेत्रों में आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। सेक्टर-4 के सिटी सेंटर में 'ऑपरेशन सिंदूर' थीम पर पंडाल बनाया जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में गणेश उत्सव मनाने वालों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, जिससे प्रतिमाओं की मांग भी बढ़ गई है।

Bokaro News: बोकारो, प्रतिनिधि। बोकारो में गणेश पूजा को लेकर विभिन्न पूजा समितियों की ओर से तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में आकर्षक पूजा पंडाल तैयार किए जा रहे हैं। सेक्टर-4 सिटी सेंटर में इस बार ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर पूजा पंडाल बनाया जा रहा है। पंडाल को आकर्षक रूप देने के लिए कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं। वहीं मजदूर मैदान में पारंपरिक रूप से पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है। यहां गणेश पूजा के साथ भव्य मेले का भी आयोजन होगा। मेले में कई तरह के मनोरंजन के साधन उपलब्ध रहेंगे। आयोजन स्थल पर आकर्षक झूले लगाए गए हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से एक झूला पहली बार बोकारो में लगाया जा रहा है। इधर, सेक्टर-2 स्थित श्रीगणेश मंदिर में भी पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मंदिर में पिछले 30 वर्षों से अधिक समय से लगातार गणेश पूजा का आयोजन किया जा रहा है। इस बार भी पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
गणेश प्रतिमाओं की मांग
बढ़ रही गणेश प्रतिमाओं की मांग : पिछले कुछ वर्षों में बोकारो में गणेश उत्सव मनाने वालों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। बड़े स्तर पर पूजा आयोजन के साथ अब कई लोग घरों में भी गणेश प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। इससे गणेश प्रतिमाओं की मांग भी बढ़ी है। बाजार में एक हजार से लेकर छह हजार रुपये तक की आकर्षक गणेश प्रतिमाएं उपलब्ध हैं। दुंदीबाजार मोड़ के आसपास ही तीन से अधिक दुकानों पर गणेश प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। दुकानदार राजकुमार ने बताया कि यहां एक हजार से अधिक प्रतिमाएं तैयार की गई हैं। इनमें अलग-अलग आकार व रूप की प्रतिमाएं शामिल हैं। लोग अपनी पसंद के अनुसार प्रतिमाओं की बुकिंग करा रहे हैं। पूजा समितियों के साथ घरों में गणेश प्रतिमा स्थापित करने वालों की बढ़ती संख्या से इस बार प्रतिमाओं की बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।


