फुसरो का सुभाष नगर-करगली बाजार मार्ग जर्जर
सीसीएल बीएंडके प्रक्षेत्र अंतर्गत फुसरो के सुभाष नगर से करगली बाजार जाने वाले मुख्य मार्ग में जर्जरता के कारण आवागमन दुर्गम हो गया...
सीसीएल बीएंडके प्रक्षेत्र अंतर्गत फुसरो के सुभाष नगर से करगली बाजार जाने वाले मुख्य मार्ग में जर्जरता के कारण आवागमन दुर्गम हो गया है। यह सड़क जगह-जगह जर्जर हो गई है। गिट्टी-पत्थर तक बाहर निकल आए हैं। कहीं-कहीं तो गड्ढे जैसे भी हो गए हैं। ऐसे में आवागमन के दौरान पल-पल हादसे की संभावना बन रही है।
इस मार्ग से प्रतिदिन काफी संख्या में लोग दोपहिया से लेकर चार पहिया वाहन से आते-जाते हैं। सुभाष नगर, फील्ड क्वायरी, जवाहर नगर, बिरसा नगर, अमलो बस्ती, कारो बस्ती, तीन नंबर व रामनगर सहित अन्य इलाकों के लोग इस मार्ग पर से होकर गुजरते हैं। सुबह से लेकर शाम तक तो अक्सर वाहनों का आना-जाना लगा रहता है।
इस सड़क की मरम्मत को लेकर भाजपा फुसरो नगर मंडल के ओबीसी मोर्चा मंत्री छोटू कुमार रवानी पिछले साल भर से प्रयासरत रहे। सीसीएल करगली सिविल ऑफिस में गुहार लगाई। तब जाकर सड़क मरम्मत को लेकर ऑनलाइन टेंडर हुआ। अब टेंडर हुए भी करीब दो महीने बीते गए हैं परंतु कुछ ऑफिशियल कारण की वजह से काम रूका हुआ है।
मालूम हो कि सुभाष नगर से करगली बाजार जाने वाले मुख्य मार्ग में स्ट्रीट लाइट भी कुछ महीना पहले जगह-जगह लगाया गया था जिसकी चोरी कर ली गई। ऐसे में रात के अंधेरे में आने-जाने के दौरान भय भी बना रहता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


