दुदीबाद बाजार की फल दुकान में लगी भीषण आग
बोकारो जिले के दुदीबाद बाजार में बुधवार रात 11 बजे एक फल दुकान में आग लग गई। आग से विक्रेता निवारण महतो को चार लाख रुपये का नुकसान हुआ। आग ने पास की दुकानों को भी प्रभावित किया। दमकल विभाग ने 15 मिनट में आग पर काबू पाया। दुकानदार ने अग्नि सुरक्षा की मांग की।
बोकारो प्रतिनिधि। दुदीबाद बाजार में बुधवार की रात करीब 11 बजे एक फल दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से फल विक्रेता निवारण महतो की दुकान में रखा करीब चार लाख रुपये मूल्य का सामान जलकर राख हो गया। घटना में दुकान में खड़ी एक बाइक भी पूरी तरह जल गई। आग की लपटें बगल की एक अन्य फल दुकान और एक खटाल तक पहुंच गईं, जिससे वहां भी नुकसान हुआ। जानकारी के अनुसार, देर रात निवारण महतो की दुकान बंद थी। इसी दौरान अचानक दुकान से आग की लपटें उठने लगीं। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दुकानदार और अग्निशमन विभाग को दी। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखे आम समेत अन्य फल, क्रेट, व्यापारिक सामग्री और बाइक जलकर नष्ट हो गए。
अग्निशामक विभाग की प्रतिक्रिया
सूचना मिलने के लगभग 15 मिनट बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए बीएसएल की एक तथा जिला प्रशासन की दो दमकल गाड़ियां लगाई गईं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास की दर्जनों दुकानों को नुकसान से बचा लिया गया।
दुकानदार का नुकसान
दुकानदार निवारण महतो ने बताया कि घटना में उन्हें करीब चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि मच्छर भगाने वाली अगरबत्ती या अन्य किसी कारण से आग लगी हो सकती है, क्योंकि उस समय क्षेत्र में बिजली नहीं थी।
व्यापारियों की मांग
स्थानीय लोगों ने बताया कि दुदीबाद बाजार में 500 से अधिक दुकानें हैं। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद व्यापारियों ने बाजार में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


