लंबित मामलों का शीघ्र करें निष्पादन, अधिकारी नियमित कार्यों की करें मॉनिटरिंग : उपायुक्त
बोकारो में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, आपदा प्रबंधन और जनगणना कार्यों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया।

बोकारो, प्रतिनिधि। समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, आपदा प्रबंधन तथा जनगणना कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक की प्राथमिकताएँ
उपायुक्त ने अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया।
निर्माण कार्यों की समीक्षा
बैठक में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों की प्रखंडवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए बीडीओ एवं सीओ के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया। साथ ही तैयार भवनों को शीघ्र संबंधित विभाग को हैंडओवर करने का निर्देश दिया गया।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा के दौरान एडीएसएस पेंशन मामलों के सत्यापन एवं डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट से जुड़े लंबित मामलों के निष्पादन के लिए सभी प्रखंडों में विशेष शिविर आयोजित करने को कहा गया। उपायुक्त ने दिशा बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन प्रतिवेदन तीन दिनों के भीतर उपलब्ध कराने तथा जून में प्रस्तावित दिशा बैठक की तैयारी समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
आपदा प्रबंधन विभाग की समीक्षा
आपदा प्रबंधन विभाग की समीक्षा के दौरान मुआवजा आवेदनों में पाई जा रही तकनीकी एवं दस्तावेजी त्रुटियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जनगणना-2027 का अभियान
बैठक में जनगणना-2027 के तहत चल रहे स्वगणना अभियान की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने 15 मई तक चलने वाले अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक जनजागरूकता चलाने का निर्देश दिया। बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, एसी मो. मुमताज अंसारी, चास एसडीओ प्रांजल ढांडा, बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ समेत अन्य अधिकारी, बीडीओ एवं सीओ उपस्थित थे।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


