विनोद खोपड़ी का टॉर्चर सेंटर होगा ध्वस्त,बीएसएल ने चिपकाया नोटिस
बोकारो के सेक्टर 6 में विनोद खोपड़ी के टॉर्चर अड्डे को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उपायुक्त अजय नाथ झा के आदेश पर, इस अड्डे को एक सप्ताह के भीतर डोजर से ध्वस्त किया जाएगा। शहरवासियों का मानना है कि यह कदम खोपड़ी के आतंक का अंत करेगा और अपराधियों की ट्रेनिंग को रोक देगा।

बोकारो, वरीय संवाददाता। बोकारो इस्पात नगर के सेक्टर 6 स्थित विनोद खोपड़ी के टॉर्चर अड्डे को ध्वस्त करने की प्रक्रिया बुधवार को शुरू कर दी गई। उपायुक्त बोकारो के निर्देश पर बोकारो इस्पात प्रबंधन के अधिकारियों ने उक्त अड्डे को तत्काल खाली करने नोटिस मुख्य गेट पर चिपका दिया। इसके साथ ही एक सप्ताह के अंदर खोपड़ी के अड्डे की डोजरिंग कर दी जाएगी। जिसके बाद उक्त स्थल पर फेंसिंग कर बीएसएल के जमीन को सुरक्षित कर लिया जाएगा। इसके साथ ही ढ़ाई दशक से आतंक का पर्याय विनोद खोपड़ी के अपराधिक कारनामे का अंत भी हो जाएगा। मालूम हो कि शहर के सेक्टर 8 निवासी जयंत सिंह का अपहरण और नृशंस हत्या के बाद शहरवासियों के आक्रोश को देखते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने बोकारो ने खोपड़ी के अड्डे को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश बीएसएल प्रबंधन को दिया था।
जिसके बाद प्रबंधन ने देर न करते हुए बुधवार को दोपहर खोपड़ी के मुख्य दरवाजे पर उक्त स्थल को खाली करने का नोटिस चिपका दिया। अब शहरवासियों को उम्मीद है कि खोपड़ी के इस अड्डे से अपराधियों की ट्रेनिंग नहीं होगी। इधर शहरवासियों का कहना है कि खोपड़ी के आतंक का प्रभाव क्षेत्र की जनता पर भी पड़ने लगा था। जिससे उक्त इलाके में बीएसएल के कर्मचारी रहना पसंद नहीं कर रहे थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


