
कोयला चोरों द्वारा पथराव में सीसीएल सुरक्षा प्रभारी घायल, पुलिस ने कोयला व बाइकें जब्त की
सीसीएल कथारा प्रक्षेत्र के जारंगडीह खुली खदान में कोयला चोरी रोकने गए सुरक्षा प्रभारी सुरेश राम पर चोरों ने पथराव किया। इस हमले में सुरेश की उंगली में गंभीर चोट आई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छापेमारी की और पांच टन स्टीम कोयला एवं कई बाइक जब्त की। चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कथारा, प्रतिनिधि। सीसीएल कथारा प्रक्षेत्र अंतर्गत जारंगडीह खुली खदान में गुरुवार को कोयला चोरी रोकने गए सुरक्षा प्रभारी सुरेश राम पर कोयला चोरों ने पथराव कर दिया। हमला से बचने की कोशिश में उनके हाथ की उंगली में काफी चोट लग गई। जिसकी सूचना तत्काल सीसीएल कथारा क्षेत्रीय सुरक्षा विभाग की टीम सहित बोकारो थर्मल थाना की पुलिस को दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए बोकारो थर्मल इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव जवानों के साथ शुक्रवार को जारंगडीह पहुंचे और सीसीएल सुरक्षा विभाग की टीम के साथ जारंगडीह खुली खदान, रेलवे साइडिंग, कांटा घर व मानिक मोड़ सहित क्षेत्रों में छापमारी की।

जिसमें लगभग पांच टन स्टीम कोयला एवं कई बाइक जब्त किया । इस संदर्भ में सीसीएल जारंगडीह कोलियरी सुरक्षा प्रभारी सुरेश राम ने बताया कि कोयला चोरों का मनोबल काफी बढ़ गया है। जब कोयला स्टॉक में कोयला चोरों को चोरी करने से मना किया गया तो वे कोयला पत्थर से मुझपर हमला कर दिए जिससे हाथ की उंगली तथा शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगी है। इधर, बोकारो थर्मल इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी ने कहा कि घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और कोयला चोरों के खिलाफ छापामारी अभियान चलाया। सुरक्षा विभाग के आवेदन पर कोयला चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्द ही घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात चोरों को चिन्हित कर उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


