
राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर मना समारोह
बेरमो में 7 नवंबर को राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ मनाई गई। विभिन्न स्थानों पर समारोह आयोजित किए गए, जिसमें डीएवी पब्लिक स्कूल में पोस्टर प्रतियोगिता और रैली शामिल थी। एनसीसी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सामूहिक राष्ट्रगीत गाया। इस अवसर पर स्थानीय अधिकारियों ने भी समारोह में भाग लिया।
बेरमो, हिटी। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर 7 नवंबर को बेरमो में जगह-जगह समारोह का आयोजन किया गया। कोयलांचल से लेकर विद्युत नगरी तथा फुसरो शहर से लेकर गोमिया, नावाडीह व पेटरवार के ग्रामीण अंचलों में भी यह मनाया गया। डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में वंदे मातरम: सांस्कृतिक गौरव और नागरिक जिम्मेवारी को लेकर एनसीसी आर्मी विंग के विद्यार्थियों के लिए पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 20 कैडेट्स ने भाग लिया। यह प्रतियोगिता 22 झारखंड बटालियन हजारीबाग के निर्देशन में आयोजित की गई। तीन सर्वश्रेष्ठ कृतियां चयनित की गई जिनमें लक्ष्य को प्रथम, शिखा को द्वितीय एवं नव्या सिंह को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।

ये पोस्टर हजारीबाग यूनिट को प्रेषित की जायेंगी। एनसीसी के आर्मी विंग के विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता के पश्चात एक रैली भी निकाली जिसमें 'वंदे मातरम' का सस्वर उद्घोष किया गया। रैली का नेतृत्व स्वयं प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जीएन खान कर रहे थे। इसके अलावा कथारा ओपी प्रभारी राजेश प्रजापति भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए पहुंचे। सफल बनाने में एनसीसी आर्मी विंग के सीटीओ शिव प्रकाश सिंह, रंजीत कुमार सिंह, संजय महतो, संगीत कुमार व राहुल कुमार की विशेष भूमिका रही। डीएवी स्वांग में भी समारोह मना। प्राचार्या डी बनर्जी ने संबोधित किया। बेरमो थाना प्रांगण में थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह ने अधिकारियों व जवानों को समारोह के संदर्भ में संबोधित किया। वहीं गोमिया एवं आईईएल थाना पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में गोमिया चौक पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सामूहिक राष्ट्रगीत गायन किया गया। थाना प्रभारी रवि कुमार एवं प्रफुल्ल कुमार महतो ने बताया कि राष्ट्रगीत वंदे मातरम् देश के प्रति प्रेम, भक्ति और मातृभूमि के सम्मान की भावना को प्रकट करता है। पेटरवार के अंगवाली के उच्च विद्यालय में प्रधानाध्यापिका निभा आईंद के नेतृत्व में आयोजन हुआ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




