Bokaro News: मुख्य खबर जय कन्हैया लाल के जयकारों से गूंजा बोकारो, आधी रात को हुआ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
Bokaro News: बोकारो के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम रही। श्रद्धालुओं ने पूजा पंडालों, मंदिरों में में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की धूमधाम से पूजा की। भजन-कीर्तन एवं आकर्षक पंडालों में राधा-कृष्ण की प्रतिमाएं सजाई गईं। रातभर श्रद्धालु भक्ति में लिपटे रहे और भगवान से सुख-समृद्धि की कामना करते रहे।

Bokaro News: बोकारो के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम रही। हाथी-घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की और जय श्रीकृष्ण के जयकारों से आधी रात शहर का माहौल भक्तिमय हो उठा। जन्माष्टमी को लेकर शहर के विभिन्न पूजा पंडालों, मंदिरों और राधा-कृष्ण मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। शाम से ही पूजा स्थलों पर लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी, जो देर रात तक जारी रही। रात करीब 11 बजे से विभिन्न पूजा स्थलों पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुए। मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ प्रतिमाओं के पट खोल दिए गए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने जय कन्हैया लाल की के जयकारे लगाए और सामूहिक रूप से आरती की। भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए श्रद्धालु देर रात तक मंदिरों और पूजा पंडालों में जमे रहे। लोगों ने सुख-समृद्धि, शांति और परिवार की खुशहाली की कामना की。
मंदिरों में भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ माहौल
जिले के अधिकांश राधा-कृष्ण मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण और राधा की आकर्षक प्रतिमाओं को रंग-बिरंगे फूलों और विद्युत सज्जा से सजाया गया था। सेक्टर-8 कालीबाड़ी स्थित राधा गोविंद मंदिर, सेक्टर-4 सिटी सेंटर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर, रेलवे स्टेशन स्थित राधा-कृष्ण मंदिर और सेक्टर-2बी कृष्णा मोड़ स्थित भगवान श्रीकृष्ण-राधा मंदिर में मध्यरात्रि के बाद जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान भजन-कीर्तन और पारंपरिक गीतों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। शहर के साथ साथ ग्रामीण इलाकों में भगवान कृष्ण की देर रात तक अराधना की।
पूजा पंडालों में बाल गोपाल के झूले बने आकर्षण
जन्माष्टमी को लेकर शहर के विभिन्न सेक्टरों में पूजा पंडाल बनाए गए। सेक्टर-12, सेक्टर-9 वैशाली मोड़, सेक्टर-9सी पटेल चौक, सेक्टर-4 एलआईसी मैदान और सेक्टर-2बी कृष्णा मोड़ में आकर्षक पंडालों में भगवान श्रीकृष्ण और राधा की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। पंडालों में बाल गोपाल के लिए झूले भी लगाए गए थे। श्रद्धालुओं ने बाल गोपाल को अपने हाथों से झुलाकर आशीर्वाद लिया। वहीं, सेक्टर-12 में आयोजित मेले में विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए थे, जिसका बच्चों और युवाओं ने खूब आनंद उठाया। देर रात तक पूजा पंडालों और मेला स्थलों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।

