सीसीएल क्षेत्र में जमीन खरीद-बिक्री व अवैध निर्माण पर होगी कार्रवाई
सीसीएल कथारा प्रक्षेत्र ने गोविंदपुर परियोजना की भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। परियोजना प्रबंधन ने जनता को सचेत किया है कि ऐसी गतिविधियाँ गैर-कानूनी हैं। चेतावनी दी गई है कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और अवैध संरचनाएँ ध्वस्त की जाएंगी।

कथारा, प्रतिनिधि। सीसीएल कथारा प्रक्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर परियोजना प्रबंधन ने अपनी जमीनों पर हो रहे अवैध कब्जे, खरीद-बिक्री और अवैध निर्माण को लेकर कड़ा रुख अपनाया है।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ चेतावनी
परियोजना पदाधिकारी कार्यालय द्वारा इस संबंध में आवश्यक सूचना जारी कर आम जनता को सचेत किया गया है कि सीसीएल की भूमि पर किसी भी प्रकार का लेन-देन या निर्माण कार्य पूरी तरह से गैर-कानूनी है। परियोजना प्रबंधन के संज्ञान में यह बात आई है कि पिछले कुछ दिनों से कुछ असामाजिक तत्वों और व्यक्तियों द्वारा गोविंदपुर परियोजना के अंतर्गत आने वाली सीसीएल की जमीनों की धड़ल्ले से खरीद-बिक्री की जा रही है। इतना ही नहीं, कई लोग उक्त प्रतिबंधित भूमि पर अवैध रूप से मकानों और अन्य ढांचों का निर्माण भी करा रहे हैं।
नोटिस और सख्त हिदायत
पूर्व में 19 फरवरी को जारी नोटिस का हवाला देते हुए प्रबंधन ने पुनः स्पष्ट किया है कि सीसीएल की भूमि की खरीद-बिक्री, कब्जा हस्तांतरण या उस पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य वैध नहीं है। परियोजना पदाधिकारी, खान प्रबंधक और नोडल ऑफिसर (एलएंडआर) द्वारा जनहित में जारी इस नोटिस में सर्वसाधारण को सख्त हिदायत दी गई है कि वे किसी भी भूखंड के क्रय-विक्रय या निर्माण कार्य से पहले भूमि की वास्तविक स्थिति और उसके मालिकाना हक (स्वामित्व) की जांच अवश्य कर लें। प्रबंधन ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति इस आदेश का उल्लंघन कर सीसीएल की जमीन पर निर्माण कार्य करता है, तो भविष्य में उन अवैध संरचनाओं को नियमानुसार ध्वस्त कर दिया जायेगा। साथ ही अवैध कब्जा करने और जमीन की हेराफेरी करने वाले संबंधित मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


