चिकित्सकों की कमी, सिविल कार्यों में शिथिलता व रिटायर्ड कर्मियों की समस्याएं रखी
सीसीएल कथारा क्षेत्रीय अस्पताल में चिकित्सकों की कमी, सिविल कार्यों में शिथिलता और सेवानिवृत्त कर्मियों की समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन की बैठक हुई। महाप्रबंधक ने कहा कि चिकित्सकों की कमी जल्द दूर की जाएगी और सिविल कार्यों के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी।

सीसीएल कथारा क्षेत्रीय अस्पताल में जल्द चिकित्सकों की कमी पूरी करने, सिविल के कार्यों में शिथिलता व सेवानिवृत्त कर्मियों की समस्याओं सहित अन्य मुद्दों को लेकर राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन की बैठक सीसीएल कथारा महाप्रबंधक एकेबी सिंह की उपस्थिति में की गई। जारंगडीह कोलियरी पीओ प्रवीर सेन कुमार गुप्ता, कथारा पीओ रंजीत कुमार, एएफएम राजीव रंजन व एसओसी संजय कुमार तथा यूनियन की ओर से क्षेत्रीय सचिव विलसन फ्रांसिस, क्षेत्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह व धनेश्वर यादव मुख्य रूप से मौजूद थे। यूनियन प्रतिनिधियों ने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ की कमी की वजह से फिलहाल पदस्थापित चिकित्सकों को काफी परेशानी हो रही है।
ऐसी स्थिति बनी रही तो रात्रि आपातकालीन सेवा चलाने में परेशानी होगी। इसी तरह मेडिकल स्टाफ की भी कमी है। सिविल का सीएमसी के तहत किए जा रहे कार्य से कामगारों को हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए कहा कि आवास मरम्मत कार्यों में काफी विलंब किया जाता है यहां तक कि वॉटर टैंक लीकेज हो जाय तो बदलने में महीनों लग जा रहा है। सेवानिवृत्तकर्मी जो बाहर से आकर किसी कार्य से कार्यालय का चक्कर लगाते रहते हैं उन्हें विशेष सुविधा बहाल कर उनके कार्यों का निपटारा कराने की बात कही गई। इसके अलावा उत्पादन को गति देने के लिए संडे के दिन भी कार्य चलाने को कहा गया।महाप्रबंधक ने कहा कि मुख्यालय से संवाद जारी है जल्द ही चिकित्सक की कमी दूर की जाएगी। सिविल कार्यों के लिए एक कमेटी बनायी जायेगी जो वस्तु स्थिति की जानकारी उन तक देने का कार्य करेगा अगर संवेदक अपना कार्य नहीं करेंगे तो कंपनी प्रावधान के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उत्पादन बढ़ाने के लिए रविवार के दिन कार्य कराने पर मुख्यालय से बात कर विचार किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


